Updated: Thursday, July 30, 2026, 10:43 [IST]
Ajinkya Rahane Retirement: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया में जाकर जीत दर्ज करने वाले भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आज अपने बूट टांगने की घोषणा कर दी। लंबे समय से बाहर चल रहे रहाणे ने अब रिटायरमेंट ले लिया है। एक वीडियो जारी कर उन्होंने अपना फैसला बताया।
अजिंक्य रहाणे विदेशी सरजमीं पर भारतीय बैटिंग के लीडर हुआ करते थे, टीम को कई मौकों पर अपनी बेहतरीन बैटिंग से सपोर्ट करके मैच में वापस लाने का काम भी करते थे। मिडिल ऑर्डर में उनका अलग लेवल का गेम था। रहाणे ने लिखा कि कैप नंबर 278 अब साइन ऑफ़ करती है, आप सबका धन्यवाद।

रहाणे ने ऑल फॉर्म ऑफ़ क्रिकेट से रिटायरमेंट की बात कही है। इसका मतलब यह है कि वह अब आईपीएल में भी नहीं खेलेंगे। आईपीएल में वह केकेआर का कप्तान थे। अगले सीजन केकेआर को नया कप्तान मिलने वाला है। भारत के लिए रहाणे ने तीनों प्रारूप खेले थे।
रिटायरमेंट पर रहाणे ने क्या कहा?
रहाणे ने अपने रिटायरमेंट वीडियो में कहा कि ज़िंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज़ की एक शुरुआत होती है और हर चीज़ का एक अंत भी होता है। जब वह समय आता है, तो हमें उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। बल्लेबाजी के दौरान मैंने हमेशा सही टाइमिंग पर भरोसा किया है और उसकी अहमियत को अच्छी तरह समझा है। आज मुझे लगता है कि मेरे लिए भी सही समय आ गया है कि मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करूं।
उन्होंने यह भी कहा कि डोंबिवली से अभ्यास के लिए लंबा सफर तय करने वाले उस छोटे लड़के का सपना भारत के लिए खेलना था. मैंने हर दिन, हर पारी और हर मौके पर अपना सब कुछ झोंक दिया। मेरे लिए हमेशा देश और टीम सबसे पहले रहे। मैंने पूरी ईमानदारी के साथ क्रिकेट खेला और हमेशा भरोसा रखा कि अगर आपकी नीयत सही हो, तो खेल भी आपका साथ देता है। पिछले 20 वर्षों में भारतीय क्रिकेट का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है। भारतीय क्रिकेटर के रूप में मेरी पारी भले खत्म हो रही हो, लेकिन क्रिकेट के साथ मेरा रिश्ता हमेशा बना रहेगा।
कैसा रहा अजिंक्य रहाणे का करियर
टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 85 मैचों में 5077 रन बनाए थे, उनमें 26 अर्धशतक और 12 शतक थे। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 90 मैचों में 2962 रन बनाए और टी20 इंटरनेशनल में 20 मैच खेलकर 375 रन बनाए। 2011 में उन्होंने टी20 से ही भारतीय टीम में डेब्यू किया था। इसके बाद वनडे और टेस्ट में आए।