MUZAFFARPUR: बिहार के मुजफ्फरपुर में 17 वर्षीय नाबालिग युवती को निकाह का झांसा देकर अश्लील वीडियो बनाने और बाद में ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक और उसके पिता के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Instagram के जरिए हुई थी दोस्ती
पीड़िता के मुताबिक, Instagram के जरिए उसकी आरोपी युवक से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक ने निकाह का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और इसी दौरान उसका अश्लील वीडियो बना लिया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने वीडियो डिलीट करने के लिए कहा तो आरोपी युवक और उसके पिता ने कथित तौर पर उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
होटल में ले जाकर दबाव बनाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, वीडियो डिलीट करने की बात कहकर नाबालिग को माड़ीपुर स्थित एक होटल में ले जाया गया, जहां उस पर कथित रूप से गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद उससे कथित तौर पर दो लाख रुपये की मांग की गई। वीडियो वायरल होने के डर से उसने अपनी मां की सोने की बाली बेचकर 70 हजार रुपये दिए। हालांकि, आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी वीडियो डिलीट नहीं किया गया।
फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर वीडियो वायरल करने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद उसके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई गई और कथित अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
DSP ने क्या कहा?
पूरे मामले पर टाउन DSP सुरेश कुमार ने बताया कि काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके की एक नाबालिग पीड़िता ने युवक पर अश्लील वीडियो बनाने, उसे वायरल करने की धमकी देने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है।DSP के मुताबिक, मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नाबालिग और आरोपी के बीच पहले से परिचय की बात सामने आई है। पुलिस अब इसी परिचय और विश्वास का कथित रूप से फायदा उठाकर वीडियो बनाने, 70 हजार रुपये लेने, होटल ले जाने, वीडियो वायरल करने और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाने के आरोपों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।