इंदौर में महिला पार्षद संध्या यादव पर टिप्पणी को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खेद जताया है. वायरल वीडियो के बाद बढ़े विवाद पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया. वहीं संध्या यादव ने विजयवर्गीय को पिता तुल्य बताते हुए कहा कि दोनों के बीच पिता-पुत्री जैसा रिश्ता है
महिला पार्षद पर टिप्पणी से विवाद, कैलाश विजयवर्गीय ने जताया खेद
- Published: 22 Sep 2026, 01:17 PM IST
- Last Updated: 22 Sep 2026, 02:33 PM IST
इंदौर: महिला पार्षद संध्या यादव पर टिप्पणी को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय घिर गए हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा तो मंगलवार को विजयवर्गीय ने वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद जताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया है. वहीं संध्या यादव ने भी विजयवर्गीय का बचाव करते हुए उन्हें पिता तुल्य बताया है.
'संध्या दीदी की भी जरा चौड़ाई बढ़ गई..
दरअसल, रविवार को इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के वार्ड-6 में 7 करोड़ 10 लाख रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम था. इसमें विधायक कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
🚨 'नारी शक्ति वंदन' का नया सरकारी पैमाना आ गया है—इंची टेप लेकर मंच पर बैठना! 😱📏🎭
राजनीति में विकास, नीतियां और काम-काज नापने के दिन अब पुराने हो गए बॉस! मध्य प्रदेश के कद्दावर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) का एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो… pic.twitter.com/Y0l55o1dy8
— Arun Shivhare (@ArunShivhare100) September 22, 2026
कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने पार्षद संध्या यादव के काम की तारीफ की. उन्होंने कहा कि संध्या काफी काम करती हैं और उनके वार्ड में विकास से जुड़े कई काम हुए हैं. इसी दौरान उन्होंने कहा, 'संध्या दीदी की भी जरा चौड़ाई बढ़ गई... थोड़ी सी.'
विजयवर्गीय की यह टिप्पणी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इसको लेकर सवाल उठाए. मामला बढ़ने पर अब मंत्री ने सफाई दी है.
विजयवर्गीय बोले- संध्या मेरी बेटी जैसी
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि संध्या यादव उनके विधानसभा क्षेत्र की सक्रिय पार्षद हैं. उन्होंने कहा कि भाषण में उनके बारे में कही गई बात को कांग्रेस ने गलत तरीके से उठाया और पेश किया.
राष्ट्रीय फलक पर थू- थू होने के बाद भाजपा के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रकट किया खेद. लेकिन ठीकरा कांग्रेस और मीडिया के सिर फोड़ा...! https://t.co/WyAjEmXZDl pic.twitter.com/6y3PFkCyyC
— Rupesh Mishra (@rupeshmishramp) September 22, 2026
मंत्री ने कहा कि संध्या उनकी बेटी जैसी हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने संध्या को बचपन में गोद में खिलाया है. विजयवर्गीय के मुताबिक, उनके मन में संध्या को लेकर कुछ गलत नहीं था. उन्होंने कहा कि जिस तरीके से उनकी बात को उठाया गया, उससे उन्हें दुख हुआ और वह अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हैं.
संध्या बोलीं- कैलाश जी पिता तुल्य
वहीं पार्षद संध्या यादव ने भी विजयवर्गीय के बयान को लेकर उनका बचाव किया. उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय उनके पिता तुल्य हैं और दोनों के बीच पिता-पुत्री जैसा रिश्ता है.
संध्या ने कहा कि विजयवर्गीय ने उन्हें बचपन में गोद में खिलाया है. उन्होंने लोगों से वायरल वीडियो को लेकर चल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
मयंक को देखकर की थी टिप्पणी
कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने यह भी कहा था कि संध्या को जल्दी गुस्सा आता है और अगर वह किसी को डांट दें तो इसे बुरा नहीं मानना चाहिए. उन्होंने महिलाओं की घर और बाहर की जिम्मेदारियों का भी जिक्र किया.
विजयवर्गीय ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े पत्रों में संध्या यादव के वार्ड का नाम सबसे पहले आता है. इसी दौरान उनकी नजर भाजपा नेता मयंक पर गई, जो संध्या के पास बैठे थे. मयंक को संबोधित करते हुए ही उन्होंने संध्या की ‘चौड़ाई बढ़ने’ वाली टिप्पणी की थी. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया.