India-Afghanistan T20 Series: भारत में अफगानिस्तान मेजबान- इंडिया मेहमान, 94 साल में पहली बार ऐसी सीरीज, जानें पूरी कहानी

Published on 13 सित॰ 2026

India- AfghanistanT20 Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज (India- AfghanistanT20 Series) रविवार, 13 सितंबर से शुरू हो रही है। तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे। मुकाबले भले ही भारत में हो रहे हैं, लेकिन इस सीरीज में मेजबान टीम अफगानिस्तान है और मेहमान टीम भारत की होगी। इसकी कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। आइए जानते हैं क्या पूरा माजरा...

मेहमान-मेजबान का यह मामला, इसलिए हो रहा है क्योंकि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस सीरीज का मेजबान है। सुरक्षा कारणों से अफगानिस्तान अपने देश में मैच नहीं करा पाता है लिहाजा उसके होम मुकाबले भारत या UAE में खेले जाते हैं।

India- AfghanistanT20 Series

पहली बार टीम इंडिया घर में मेहमान

भारतीय टीम के लिए यह नया अनुभव होगा। भारतीय क्रिकेट के 94 साल के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब वह घर में मैच खेलेगी, लेकिन मेजबान टीम नहीं होगी। इस बदलाव का मैचों और सीरीज के अलग-अलग पहलू पर क्या प्रभाव होगा। इसे कुछ सवालों के जरिए जानते हैं…

पिच का मिजाज कौन तय करेगा ?

पिच अरुण जेटली स्टेडियम के क्यूरेटर्स ही तैयार की है। होम टीम को पिच अपने एडवांटेज के हिसाब से बनवाने का अधिकार होता है। अनुमान है, अफगानिस्तान होम टीम है लिहाजा उसके मैनेजमेंट ने पिच को लेकर अपनी डिमांड मुताबिक बनवाया है।

वैसे यह पहला मौका नहीं है जब अफगानिस्तान की टीम भारत की किसी पिच पर अपना होम मैच खेलने वाली है। इससे पहले वह तीन अन्य स्टेडियम में भी अपने घरेलू इंटरनेशनल मैच खेल चुकी है। इन मैचों में अफगान टीम ने ज्यादातर स्पिनर्स की मददगार पिचें बनवाई हैं। बीच-बीच में उसने कुछ बैटिंग फ्रेंडली पिचें भी तैयार कराई हैं।

 सिक्का कौन उछालेगा ?

अमूमन, होम टीम का कप्तान सिक्का उछालता है और मेहमान टीम का कप्तान हेड या टेल चुनता है। इसलिए मैच से पहले अफगानिस्तान का कप्तान सिक्का उछालेगा और भारतीय कप्तान हेड या टेल कॉल करेगा।

इस सीरीज में अफगानिस्तान की कप्तानी इब्राहिम जादरान कर रहे हैं, जबकि भारत की कमान श्रेयस अय्यर के हाथ में है।

 ड्रेसिंग रूम का बंटवारा कैसे होगा ? 

अरुण जेटली स्टेडियम में मेजबान और मेहमान टीम के लिए अलग ड्रेसिंग रूम हैं। इस सीरीज में होम या मेजबान ड्रेसिंग रूम अफगानिस्तान और मेहमान ड्रेसिंग रूम भारत को दिया गया है।

स्टेडिय में होम ड्रेसिंग रूम पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमन लांबा के नाम पर है। विजिटर्स (मेहमान) ड्रेसिंग रूम पूर्व भारतीय खिलाड़ी प्रकाश भंडारी के नाम पर है।

खिलाड़ियों के ठहरने, खाने की जिम्मेदारी कौन संभालेगा ?

खिलाड़ियों के होटल में ठहरने और खाने, होटल से स्टेडियम आने-जाने जैसे खर्च अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) उठाएगा। हालांकि, खिलाड़ियों के लिए होटल या स्टेडियम में खाने का क्या वेन्यू होगा, यह अफगान बोर्ड तय नहीं करेगा। भारतीय टीम अपने खिलाड़ियों का डाइट चार्ट होटल से शेयर करती है। होटल के चुनिंदा शेफ इसके हिसाब से खाना तैयार करते हैं। अफगानिस्तान की टीम भी यह सिस्टम फॉलो करेगी।

मैचों का खर्च कौन उठाएगा? 

होटल और कैटरिंग के अलावा भी कई अन्य खर्च होम टीम के बोर्ड को करने होते हैं। इनमें स्टेडियम का किराया (अगर स्टेडियम अपना न हो तो), ग्राउंड स्टाफ की फीस, इलेक्ट्रिसिटी, सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स, लॉजिस्टिक्स आदि शामिल हैं। होम बोर्ड होने के नाते ये सारे खर्च भी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ही कर रहा है।

दिल्ली जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने इस सीरीज के स्टेडियम का कोई किराया अफगान बोर्ड से नहीं लिया है। DDCA ने कहा है कि उसने अतिथि देवो भवः की भावना से अफगान क्रिकेट बोर्ड का सहयोग करने की कोशिश की है।

सीरीज से होने वाली कमाई किसे मिलेगी

सीरीज से होने वाली पूरी कमाई अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB)  को मिलेगी। इनमें ब्रॉडकास्ट राइट्स, स्टेडियम विज्ञापन, टिकटों की बिक्री से होने वाली आय शामिल है। एक अनुमान के मुताबिक इस सीरीज से ACB को करीब 20 करोड़ रुपए तक की कमाई होगी।