
भारतीय गेंदबाजों का बुरा हाल. (फोटो- PTI)
IND vs SLC XI Practice Match Day 1: श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कोलंबो के एनसीसी मैदान से अच्छी खबर नहीं आई है. टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच के पहले दिन काफी खराब शुरुआत का सामना करना पड़ा है. श्रीलंका क्रिकेट XI के सलामी बल्लेबाजों ने भारतीय तेज और स्पिनर्स को पूरी तरह बेअसर साबित करते हुए पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई.
निशान फर्नांडो का तूफानी अर्धशतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका क्रिकेट XI की शुरुआत काफी आक्रामक रही. सलामी बल्लेबाज निशान फर्नांडो ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए टी20 अंदाज में बल्लेबाजी की. निशान फर्नांडो 65 गेंदों पर 66 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 1 छक्का देखने को मिला. दूसरे छोर से रविंदु रसंथा ने भी उनका शानदार साथ दिया. इन दोनों खिलाड़ियों ने 5 से ज्यादा की इकॉनमी से रन बटोरे, जो टेस्ट में काफी कम देखने को मिलता है.
इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 20.4 ओवर में 110 रन जोड़े, लेकिन आपसी तालमेल में कमी के चलते ये साझेदारी टूट गई. दरअसल, पारी के 21वें ओवर में 1 रन चुराने के चलते निशान फर्नांडो रन आउट हो गए. दरअसल, निशान फर्नांडो 1 रन लेना चाहते थे, रविंदु रसंथा ने मना कर दिया और दोनों ही बॉलर के एंड पर पहुंच गए. फिर, यशस्वी जायसवाल ने भी गलत एंड पर थ्रो किया, लेकिन मानव सुथार ने फुर्ती दिखाते हुए थ्रो ऋषभ पंत की ओर फेंक दिया, हालांकि, गेंद सीधा स्लिप में खड़े केएल राहुल के पास चली गई. आखिरकार रन आउट पूरा हुआ और भारतीयों को एक सफलता मिली.
बेअसर रहे भारतीय तेज गेंदबाज और स्पिनर
भारतीय टीम के गेंदबाजों को इस मुकाबले में शुरुआती सफलता हासिल करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा. कप्तान केएल राहुल ने पेस और स्पिन दोनों विकल्पों को आजमाया, लेकिन कोई भी गेंदबाज ब्रेकथ्रू दिलाने में नाकाम रहा. मोहम्मद सिराज ने पहले 5 ओवर में 14 रन दिए. वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 ओवर में 27 रन खर्च किए. रवींद्र जडेजा भी अपने पहले 5 ओवर में सफलता नहीं दिला सके. गुरनूर बराड़ भी महंगे साबित हुए. जो टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More