IND vs SL: कुलदीप यादव से क्यों मुंह मोड़ रहे कप्तान गिल? प्लेइंग-11 में चुनकर भी नहीं दिया 'काम'

Published on 18 अग॰ 2026

IND vs SL: कुलदीप यादव से क्यों मुंह मोड़ रहे कप्तान गिल? प्लेइंग-11 में चुनकर भी नहीं दिया 'काम'

कुलदीप का कम इस्तेमाल क्यों? (फोटो- PTI)

Kuldeep Yadav, IND vs SL Galle Test: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट मैच के चार दिन पूरे हो चुके हैं. भारत की ओर से दिए गए 372 रनों के टारगेट के जवाब में श्रीलंकाई टीम चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 84 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी है. भारत को जीत के लिए अब सिर्फ 6 विकेट की दरकार है, वहीं श्रीलंका को अब भी 288 रन बनाने हैं. हालांकि, स्पिनरों की मददगार इस पिच पर भारतीय गेंदबाजी रणनीति को लेकर एक हैरान करने वाला पहलू सामने आया है, टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का काफी कम इस्तेमाल किया गया है.

गॉल में स्पिन की तूती, लेकिन कुलदीप का कम इस्तेमाल

गॉल की सतह पर स्पिन गेंदबाजों का पूरा दबदबा देखने को मिला है. मुकाबले में अब तक श्रीलंका के गिरे 14 विकेटों में से 10 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने ही चटकाए हैं. टेस्ट शुरू होने से पहले उम्मीद थी कि कुलदीप यादव इस टर्निंग ट्रैक पर भारतीय स्पिन डिपार्टमेंट की अगुवाई करेंगे, लेकिन कप्तान शुभमन गिल ने उन पर सबसे कम भरोसा दिखाया है. जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है.

पहली पारी में जहां युवा मानव सुथार ने 21.4 ओवर और रवींद्र जडेजा ने 21 ओवर गेंदबाजी की, वहीं कुलदीप यादव को सिर्फ 14 ओवर दिए गए, जिसमें उन्होंने 1 विकेट निकाला. फिर 372 रनों के बचाव में चौथे दिन श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान मानव सुथार से 11 ओवर और जडेजा से 6 ओवर फिंकवाए गए, लेकिन कुलदीप को सबसे आखिर में लाया गया और उन्होंने सिर्फ 3 ओवर गेंदबाजी की.

शानदार रिकॉर्ड के बाद भी अनदेखी

कुलदीप यादव का टेस्ट करियर हमेशा से सेलेक्शन और मौकों के संघर्ष से भरा रहा है. 9 साल पहले टेस्ट डेब्यू करने वाले कुलदीप अपने करियर का सिर्फ 19वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं. इस लंबे अंतराल में जब भी उन्हें मौका मिला है, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. कुलदीप के नाम 19 टेस्ट मैचों में 22.98 के शानदार औसत से 80 विकेट दर्ज हैं. इसके बावजूद, स्पिनर्स के लिए मददगार वाली गॉल की पिच पर प्लेइंग-11 में जगह मिलने के बाद भी उनका इतना कम इस्तेमाल होना क्रिकेट फैंस को चौंका रहा है. पांचवें दिन जब मैच का नतीजा तय होना है, यह देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान गिल बाकी बचे 6 विकेट निकालने के लिए कुलदीप यादव की फिरकी पर कितना भरोसा जताते हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button