
India Beat Pakistan Women Asia Cup GettyImage Credit source: Getty Images
विमेंस एशिया कप 2026 में टीम इंडिया के दमदार प्रदर्शन के आगे पाकिस्तानी टीम भी नहीं टिक पाई. पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारतीय टीम अपने आखिरी ग्रुप मैच में पाकिस्तान से भिड़ने उतरी. इस मुकाबले पर काफी नजरें थीं लेकिन नतीजा एक बार फिर वही हुआ, जो पिछले 4 मैच में रहा. पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन के सबसे छोटे स्कोर पर ढेर करने के बाद टीम इंडिया ने सिर्फ 52 गेंदों में लक्ष्य हासिल किया और 7 विकेट से ये मैच जीत लिया. इस तरह टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज का अंत जीत की हैट्रिक के साथ किया.
दुबई में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में लगातार पांचवीं जीत के इरादे से उतरी थी. वहीं पाकिस्तान के सामने भारत के खिलाफ जीत का सूखा खत्म करने का लक्ष्य था. पाकिस्तान ने अक्टूबर 2022 के बाद से ही टीम इंडिया के खिलाफ चारों मैच गंवाए थे. मगर फातिमा सना की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम का इंतजार इस बार भी खत्म नहीं हुआ क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने पहले ही पाकिस्तान को मैच से बाहर कर दिया.
स्पिनर्स ने पाकिस्तान को किया ढेर
पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना का टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला हैरान करने वाला रहा और जल्द ही ये साबित भी हो गया. टीम के ओपनर्स ने 27 रन की शुरुआत तो दिलाई लेकिन इसके बाद के बल्लेबाज सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए आते रहे. श्री चरणी (3/7), दीप्ति शर्मा (2/5), प्रेमा रावत (3/9) और शेफाली वर्मा (1/10) के रूप में भारतीय स्पिन अटैक ने पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर निपटा दिया. यानि 27 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान ने अगले 9 विकेट सिर्फ 28 रन पर लुटा दिए. ये पाकिस्तान का टी20 में सबसे छोटा स्कोर है.
थोड़ा झटके लगे लेकिन आराम से जीती टीम इंडिया
अब गेंदबाजों ने तो तय कर ही दिया था कि मैच का नतीजा क्या होगा? बस देखना ये था कि बल्लेबाज कितना वक्त लेते हैं? शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जमाकर लक्ष्य तक जल्दी पहुंचने का इरादा जाहिर किया. मगर पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने गेंदबाजी में अपना कमाल दिखाया. उन्होंने 2 ओवर के अंदर ही शेफाली, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना के विकेट झटककर भारत को थोड़ा परेशानी में डाला. मगर टीम इंडिया की अनुभवी कप्तान हरमनप्रीत कौर (18) और उनके साथ दीप्ति शर्मा (12) ने मिलकर टीम को 8.4 ओवर में जीत दिला दी.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More