
राशिद खान ने टीम इंडिया को बड़े स्कोर से रोकने में बड़ी भूमिका निभाईImage Credit source: PTI
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज के तीसरे मैच में अभिषेक शर्मा के बल्ले की धूम देखने को मिली. टीम इंडिया के स्टार ओपनर ने सिर्फ 30 गेंदों में शतक जमाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में 108 रन की धुआंधार पारी खेली. मगर इसके बावजूद भारतीय टीम 20 ओवर में 221 रन तक ही पहुंच पाई. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि दूसरी ओर से अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर राशिद खान ने अकेले ही भारतीय टीम को रोकने का जिम्मा उठाया और हर तरह से इसमें योगदान दिया.
नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार 17 सितंबर को भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा टी20 मैच खेला गया. इस बार भारतीय टीम ने पहले बैटिंग की और अभिषेक ने अकेले ही अफगान गेंदबाजों को धो दिया. भारत ने पावरप्ले में ही 100 रन पूरे कर लिए थे और 10वें ओवर तक स्कोर 142 रन हो गया था. इसकी वजह अभिषेक ही थे, जिन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में शतक पूरा किया.
अभिषेक का विकेट, तिलक को रन आउट
अफगानिस्तान का हर गेंदबाज इस वक्त तक पिट चुका था और राशिद खान भी इसमें शामिल थे. मगर अपनी जादुई गेंदबाजी के लिए मशहूर राशिद ने आखिर कमाल दिखाया और 10वें ओवर में ही अभिषेक को आउट कर पहली सफलता दिलाई. इसके बाद अगले 10 ओवर में टीम इंडिया सिर्फ 79 रन ही बना सकी और राशिद ने इसमें अपनी फील्डिंग से सबसे बड़ी भूमिका निभाई. भारत का दूसरा विकेट तिलक वर्मा के रूप में गिरा और ये राशिद ने ही किया. उन्होंने अपनी ही गेंद पर दमदार फील्डिंग की और एक मुश्किल एंगल से सटीक थ्रो पर तिलक को रन आउट कर दिया.
Catch so good even Arshdeep acknowledged it 👀
Stream the Afghanistan vs India T20I series LIVE only on FanCode 📲#AFGvIND pic.twitter.com/rdEjoF9jDN
— FanCode (@FanCode) September 17, 2026
फिर लिया दुबे का जबरदस्त कैच
फिर संजू सैमसन भी आउट हो गए, जिन्हें बाउंड्री पर राशिद ने ही एक अच्छा कैच लेकर चलता किया. मगर राशिद की फील्डिंग का सबसे अच्छा नजारा दिखा 16वें ओवर में, जब उन्होंने लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर लंबी दौड़ लगाई और फिर एक बेहतरीन डाइव पर शिवम दुबे का जबरदस्त कैच लपक किया. इस तरह भारत के शुरुआती चारों विकेट में राशिद खान का ही योगदान था. इसके बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की और बाकी खिलाड़ियों ने फील्डिंग से अच्छी मदद करते हुए भारत को बड़े स्कोर से रोक दिया.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More