
CCTV में परीक्षा हॉल से बाहर जाता दिखा साहिल.
IIT Bombay Student Suicide Case: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में परीक्षा केंद्र का CCTV फुटेज सामने आया है. यह फुटेज 18 सितंबर का बताया जा रहा है. CCTV में साहिल परीक्षा के दौरान सबसे आगे वाली बेंच पर बैठकर पेपर लिखता हुआ दिखाई दे रहा है. उसके आसपास करीब 30 से 35 छात्र परीक्षा देते नजर आ रहे हैं. क्लासरूम में तीन प्रोफेसर पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद थे.
परीक्षा के दौरान साहिल के पास पहुंचे प्रोफेसर
CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि परीक्षा के दौरान एक प्रोफेसर साहिल की सीट के पास आकर रुकते हैं. इसके बाद वह साहिल से कुछ सवाल करते हुए नजर आते हैं. दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत होती है. इस दौरान साहिल अपनी सीट से उठता है और फिर दोबारा बैठ जाता है. फुटेज में साहिल की बॉडी लैंग्वेज भी तनावपूर्ण दिखाई देने की बात सामने आई है. हालांकि, CCTV में बातचीत की आवाज रिकॉर्ड नहीं है, इसलिए प्रोफेसर और साहिल के बीच क्या बातचीत हुई, यह स्पष्ट नहीं है.
ये भी पढ़ें- IIT Bombay Suicide Case: कौन है वो मिस्ट्री गर्ल? मौत से कुछ घंटे पहले साहिल ने की थी आखिरी फोन कॉल, कहा था- मुझसे गलती हो गई
दोनों पैरों के बीच रखी थी संदिग्ध वस्तु
CCTV फुटेज में साहिल अपने दोनों पैरों के बीच एक वस्तु का इस्तेमाल करता हुआ दिखाई दे रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह वस्तु मोबाइल फोन थी या कैलकुलेटर. यही वजह है कि जांच एजेंसियां इस फुटेज को मामले में अहम मानकर इसकी जांच कर रही हैं. प्रोफेसर के साहिल से सवाल करने के बाद वह अपने पास मौजूद वस्तु निकालकर प्रोफेसर को देता हुआ दिखाई देता है. इसके बाद प्रोफेसर उसकी आंसर शीट भी लेते हुए नजर आते हैं.
सीट से उठकर प्रोफेसर के साथ बाहर गया साहिल
CCTV में आगे दिखाई देता है कि साहिल अपनी सीट से उठता है और प्रोफेसर के साथ परीक्षा कक्ष से बाहर जाता हुआ नजर आता है. परीक्षा के आखिरी करीब 20 मिनट के दौरान हुई इस पूरी घटना को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है. 18 सितंबर को हुई परीक्षा दोपहर करीब 1 बजे तक चली थी. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि परीक्षा के आखिरी समय में वास्तव में क्या हुआ था?
क्या परीक्षा में मोबाइल से नकल की कोशिश हुई थी?
इस CCTV फुटेज के सामने आने के बाद जांच का एक अहम सवाल यह है कि साहिल के पास मौजूद वस्तु आखिर क्या थी. क्या वह मोबाइल फोन था और क्या परीक्षा के दौरान उसका इस्तेमाल नकल के लिए किया जा रहा था? या फिर उस वस्तु के इस्तेमाल के पीछे कोई दूसरी वजह थी?
फिलहाल इस बारे में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. मुंबई क्राइम ब्रांच CCTV फुटेज समेत पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच एजेंसियां परीक्षा के दौरान हुई घटनाओं, प्रोफेसर और साहिल के बीच बातचीत और उसके बाद की परिस्थितियों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही हैं.
जांच के लिए CCTV फुटेज अहम
इस मामले में 18 सितंबर का परीक्षा केंद्र का CCTV फुटेज जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. फुटेज में साहिल, प्रोफेसर और परीक्षा कक्ष में मौजूद अन्य छात्रों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. अब जांच का फोकस इस बात पर है कि परीक्षा के दौरान साहिल के पास मौजूद वस्तु क्या थी और प्रोफेसर द्वारा उससे पूछताछ के बाद क्या घटनाक्रम हुआ.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More