रांची से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) के छात्र आदित्य कुमार के सुसाइड के बाद छात्रों का गुस्सा सामने आया है. बताया जा रहा है कि हॉस्टल के कमरे में आदित्य का शव फंदे से लटका मिला था. इस घटना के बाद से संस्थान की व्यवस्थाओं और आपातकालीन सेवाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
इस घटना से नाराज विद्यार्थी हॉस्टल परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं. प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि संस्थान के निदेशक और एकेडमिक डीन इस्तीफा दें. इसके साथ ही उन्होंने मामले में कथित लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी उठाई है.
छात्रों ने संस्थान की व्यवस्था पर खड़े किए कई सवाल
सम्बंधित ख़बरें
इस दौरान छात्रों की ओर से दावा किया जा रहा है कि जब यह घटना हुई तो संस्थान की आपातकालीन व्यवस्था पूरी तरह से सामने आ गई. छात्रों ने दावा किया कि रात के करीब 11 बजे कमरे का दरवाजा तोड़कर आदित्य को नीचे उतारा गया. इस समय उसकी सांसें चल रही थी लेकिन हॉस्टल की लिफ्ट खराब होने के कारण छात्र कों सीढ़ियों से लेकर नीचे जाना पड़ा.
इस्तीफे की मांग
घटना के बाद गुस्से में आए छात्र संस्थान के निदेशक और एकेडमिक डीन के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने हॉस्टल की व्यवस्था और इमरजेंसी सेवाओं में सामने आई कथित कमियों की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि मामले में जिम्मेदार हॉस्टल कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
कंप्यूटर साइंस के छात्र थे आदित्य
बातचीत के दौरान संस्थान के डायरेक्टर ने बताया कि आदित्य ने करीब दो महीने पहले संस्थान में एडमिशन लिया था और वह कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहे थे और प्रथम वर्ष के छात्र थे. उन्होंने आगे बताया कि जब कल रात लाइट गई, तो उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और खुद को पंखे से हैंग कर लिया. बार-बार लाइट आने-जाने की वजह से ऑटो कट भी काम नहीं कर रहा था. इसके बाद से छात्रों ने उसे सीढ़ियों से ही उतारा. लेकिन जब अस्पताल पहुंचे तो, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 2333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
---- समाप्त ----
ये भी देखें
