पंचायती राज चुनाव को लेकर भाजपा संगठन ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिला परिषद के 21 वार्डों और पंचायत समितियों के 105 वार्डों में प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी स्तर पर रायशुमारी शुरू हो गई है। संभावित दावेदारों के नामों पर चर्
.
इसी सिलसिले में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी और पंचायत राज चुनाव के जिला प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत ने शहर के एक निजी होटल में पहले दिन गींगला, झल्लारा और सलूंबर पंचायत समितियों के वार्डों को लेकर चर्चा की। इस दौरान जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के लिए मिले आवेदनों का संकलन किया गया और वार्ड प्रभारियों से संभावित उम्मीदवारों के बारे में फीडबैक लिया गया।
बंद कमरे में वन-टू-वन चर्चा, वार्डवार समीकरणों पर मंथन
भाजपा की रायशुमारी प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने जिला परिषद और पंचायत समिति वार्ड प्रभारियों से बंद कमरे में वन-टू-वन चर्चा कर वार्डवार जानकारी जुटाई। इस दौरान सामाजिक समीकरण, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियां, बूथों की ग्रेडिंग, संभावित प्रत्याशियों की स्थिति और जनमत सर्वे जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी संगठन अलग-अलग वार्डों में दावेदारी कर रहे नेताओं की स्थिति और स्थानीय स्तर पर उनकी पकड़ का फीडबैक जुटा रहा है। प्राप्त आवेदनों और वार्ड प्रभारियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
14 अक्टूबर को चार पंचायत समितियों के लिए होगी रायशुमारी
भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक शेष पंचायत समितियों के वार्डों को लेकर रायशुमारी की जाएगी। इस दौरान जयसमंद, सराड़ा, सेमारी और लसाड़िया पंचायत समितियों के प्रभारियों से चर्चा होगी।
इस प्रक्रिया में संबंधित वार्डों के लिए मिले आवेदनों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आवेदनकर्ताओं की दावेदारी और उनकी स्थानीय स्थिति को लेकर फीडबैक लिया जाएगा, ताकि उम्मीदवारों के चयन के लिए सभी जरूरी पहलुओं का आकलन किया जा सके।
जिला कोर कमेटी से प्रदेश स्तर तक पहुंचेगा उम्मीदवारों का पैनल
रायशुमारी और फीडबैक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संभावित उम्मीदवारों के नामों पर जिला कोर कमेटी और संभाग कोर कमेटी में पैनल डिस्कशन किया जाएगा। इसके बाद तैयार पैनल प्रदेश स्तर पर भेजे जाएंगे।
भाजपा संगठन की इस कवायद के तहत वार्डवार दावेदारों की स्थिति, स्थानीय समीकरणों और चुनावी संभावनाओं को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जा रहा है। आगामी पंचायती राज चुनाव को देखते हुए पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।