HTET Result : हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के नतीजे घोषित, केवल 16.57% को सफलता, गलत सवालों पर मिले समान अंक - Haribhoomi

Published on 22 अग॰ 2026

BSEH भिवानी ने जारी किया एचटेट लेवल 1, 2 और 3 का रिजल्ट, 1.92 लाख से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार हुआ खत्म, बायोमेट्रिक से वंचित 964 अभ्यर्थियों को बोर्ड मुख्यालय में मिलेगा एक आखिरी मौका।

HTET result

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा में केवल 16.57% परीक्षार्थियों को ही सफलता मिली।

  • Published: 22 Aug 2026, 12:49 PM IST
  • Last Updated: 22 Aug 2026, 12:50 PM IST

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने प्रदेश के लाखों भावी शिक्षकों का इंतजार खत्म करते हुए हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के परिणाम आधिकारिक तौर पर जारी कर दिए हैं। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 के स्कोरकार्ड अपलोड कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी अपने रोल नंबर और जन्मतिथि (DOB) का उपयोग करके तुरंत अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

तीनों स्तरों का ओवरऑल रिजल्ट रहा 16.57 फीसदी 
शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस वर्ष तीनों स्तरों को मिलाकर कुल उत्तीर्ण प्रतिशत केवल 16.57% दर्ज किया गया है। राज्यभर में आयोजित हुई इस परीक्षा में कुल 1,92,220 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे।

श्रेणीवार उपस्थित परीक्षार्थियों का ब्योरा
• लेवल-1 (PRT): प्राथमिक शिक्षक के लिए 31,402 अभ्यर्थी मैदान में थे।
• लेवल-2 (TGT): टीजीटी स्तर पर सबसे अधिक 99,896 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
• लेवल-3 (PGT): पीजीटी परीक्षा में 60,922 उम्मीदवार शामिल हुए।

विवादित और तकनीकी खामी वाले प्रश्नों पर मिला ग्रेस मार्क्स 
उत्तर कुंजी को लेकर परीक्षार्थियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों पर बोर्ड ने बड़ा फैसला सुनाया है। चेयरमैन ने बताया कि जिन प्रश्नों में तकनीकी गड़बड़ी पाई गई थी, उनके अंक सभी संबंधित अभ्यर्थियों को समान रूप से प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा बोर्ड को प्राप्त अन्य शिकायतों, ई-मेल और आवेदनों की गहनता से समीक्षा (स्क्रूटनी) की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

बायोमेट्रिक से छूटे 964 परीक्षार्थियों को मिलेगा आखिरी अवसर 
सफल अभ्यर्थियों की पहचान की पुष्टि के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का आयोजन किया गया था। इस प्रक्रिया के लिए कुल 31,847 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 30,883 उम्मीदवारों ने अपनी जांच पूरी करवा ली। 

हालांकि, 964 अभ्यर्थी इस अनिवार्य प्रक्रिया में गैर-हाजिर रहे। बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि बायोमेट्रिक सत्यापन से वंचित रहे इन 964 उम्मीदवारों को एक अंतिम अवसर प्रदान किया जाएगा। इसकी समय-सारणी जल्द घोषित होगी और यह वेरिफिकेशन इस बार जिला मुख्यालयों के बजाय सीधे भिवानी स्थित बोर्ड मुख्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। 

(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। )