Hanuman Ansh Movie: 'हनुमान अंश' की टीम से मिले महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस, Video शेयर कर दी बधाई - Haribhoomi

Published on 19 सित॰ 2026

'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस सफलता के बीच फिल्म की टीम ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। सीएम ने टीम को बधाई देते हुए मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।

Devendra Fadnavis meets Hanuman Ansh team

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'हनुमान अंश' की टीम से मुलाकात की

  • Published: 19 Sep 2026, 06:10 PM IST
  • Last Updated: 19 Sep 2026, 06:10 PM IST

Hanuman Ansh Movie: फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार चर्चा में बनी हुई है। धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब ये कमाई में लगातार बढ़ती ही जा रही है। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म की टीम से मुलाकात की। ‘हनुमान अंश’ की टीम उनसे मुंबई स्थित उनके सरकारी आवास ‘वर्षा’ में मिली।

गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंची फिल्म की टीम
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने फिल्म की टीम के साथ हुई इस मुलाकात को लेकर एक संदेश भी लिखा।

It was great to have team 'Hanuman Ansh’ at Varsha, last evening, to seek blessings of Ganpati Bappa. Congratulated Vishal Chaturvedi and team on their great work and wished more success in all the endeavours!

वर्षा, मुंबई येथे गणपती बाप्पांच्या दर्शनासाठी आलेल्या ‘हनुमान अंश’… pic.twitter.com/EQJZPQ61Q5

— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) September 19, 2026

मुख्यमंत्री ने निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और पूरी टीम को फिल्म की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं। मुलाकात के दौरान टीम ने गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया।

बॉक्स ऑफिस पर लगातार जारी है फिल्म की कमाई
‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के शुरुआती दिनों में भले ही धीमी रफ्तार पकड़ी हो, लेकिन दूसरे सप्ताह से फिल्म की कमाई में तेजी देखने को मिली। इसके बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 43वें दिन भारत में करीब 5 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 248.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

43वें दिन दुनियाभर में 316 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन
भारत के अलावा फिल्म ने विदेशी बाजारों से भी कमाई की है। 43वें दिन विदेशों से फिल्म ने करीब 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म की भारत में ग्रॉस कमाई करीब 293.30 करोड़ रुपये और दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन 316.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?
‘हनुमान अंश’ निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की किताब ‘डिवाइन डिटोर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है। फिल्म की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित है।

फिल्म में शोभिनव सत्य और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी आजादी से पहले के भारत के एक युवा लक्ष्मी नारायण के इर्द-गिर्द घूमती है। मां की मृत्यु के बाद वह ईश्वर की तलाश में घर छोड़ देता है। उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उसके जीवन में कई महत्वपूर्ण पड़ाव आते हैं और यही सफर आगे चलकर उसे नीम करोली बाबा के रूप में पहचान दिलाता है