दिग्गज अभिनेता असरानी का अक्यूबर 2025 में निधन हुआ था। निधन से पहले उन्होंने प्रियदर्शन की फिल्म हैवान शूट की थी जिसका एक वीडियो क्लिप अक्षय कुमार ने शेयर किया है। असरानी का आखिरी शॉट आपको भावुक कर देगा।
'हैवान' में दिवंगत अभिनेता असरानी आखिरी बार नजर आएंगे
- Published: 04 Sep 2026, 05:03 PM IST
- Last Updated: 04 Sep 2026, 05:03 PM IST
Haiwaan: दिग्गज अभिनेता असरानी (Asrani) भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन पर्दे पर उनकी मौजूदगी एक बार फिर दर्शकों को भावुक करने वाली है। दिवंगत अभिनेता की आने वाली फिल्म 'हैवान' से जुड़ा एक खास वीडियो अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। यह वीडियो इसलिए बेहद खास है क्योंकि इसमें असरानी का फिल्म के लिए दिया गया आखिरी शॉट दिखाई दे रहा है।
अक्षय कुमार ने इस यादगार पल को शेयर करते हुए असरानी को याद किया और उनके साथ काम करने को अपनी खुशकिस्मती बताया।
अक्षय ने शेयर किया असरानी का आखिरी शॉट
अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर 'हैवान' का एक सीन पोस्ट किया है। वीडियो में असरानी अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके साथ शारिब हाशमी भी दिखाई दे रहे हैं, जो फिल्म में पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं।
वीडियो के साथ अक्षय ने दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए लिखा कि उन्हें इस महान कलाकार के साथ काम करने और उनका आखिरी शॉट देखने का सौभाग्य मिला। उन्होंने असरानी को मिस करने की बात भी कही और लिखा कि उनके जैसा कोई दूसरा नहीं हो सकता।
मजेदार है सीन, लेकिन भावुक भी कर देगा
शेयर किया गया क्लिप हल्के-फुल्के अंदाज वाला है। इसमें असरानी के किरदार और शारिब हाशमी के किरदार के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिलती है।
असरानी की कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस सीन को खास बना देती है। यही वजह है कि वीडियो देखकर दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान आ सकती है, लेकिन इस बात का एहसास कि यह अभिनेता का आखिरी शॉट है, पल को भावुक भी बना देता है।
कब रिलीज होगी हैवान?
अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर हैवान 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है।
यह फिल्म मलयालम की चर्चित फिल्म 'ओप्पम' का हिंदी रीमेक है। ओरिजिनल फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता मोहनलाल भी फिल्म में कैमियो करते नजर आएंगे।