Gurugram Road Rage: कार सवारों की गुंडागर्दी, महिला बाइकर का पीछा कर मारी टक्कर, वीडियो वायरल

Published on 14 सित॰ 2026

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइकर को कार सवारों ने पहले परेशान किया और फिर जानबूझकर टक्कर मार दी. आरोप है कि कार में बैठे लोग नशे में थे. टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पूरी घटना महिला के हेलमेट कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

गुरुग्राम के बिज़ी गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइकर के साथ बदसलूकी और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. कार सवार कुछ लोगों ने पहले महिला का पीछा किया, उसे परेशान किया और फिर टक्कर मारकर गिरा दिया. यह डरावनी घटना 13 सितंबर की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इंस्टाग्राम पर 'सिया' नाम से मशहूर इस बाइकर ने अपने हेलमेट कैमरे में कैद हुए वीडियो को खुद शेयर किया है.

नशे में धुत थे कार सवार

सिया ने बताया कि वह अपने कुछ बाइकर दोस्तों के साथ राइड पर थीं. तभी एक सफेद सेडान कार में बैठे लोगों ने खतरनाक तरीके से उनकी बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया. सिया के मुताबिक, "जब कार मेरी बाइक के बहुत करीब आने लगी, तो मैंने उन्हें ठीक से गाड़ी चलाने को कहा. लेकिन उन्होंने मुझे रुकने का इशारा किया. कार में बैठे सभी लोग बुरी तरह नशे में लग रहे थे."

जब सिया ने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ाई ताकि वो आगे निकल सकें, तो कार ने भी स्पीड बढ़ा दी. इस बीच, सिया को बचाने के लिए उनके एक दोस्त ने अपनी बाइक को कार और सिया की बाइक के बीच लाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा.

बचने की कोशिश की, फिर भी मारी टक्कर

वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार कार सिया की बाइक के पीछे आती है और उसे जोरदार टक्कर मार देती है. टक्कर लगते ही सिया सड़क पर गिर जाती हैं और उनकी बाइक कुछ दूर तक घिसटती चली जाती है. हैरानी की बात यह है कि जानबूझकर टक्कर मारने के बाद भी ड्राइवर ने कार नहीं रोकी और तेजी से भाग गया. इसके बाद सिया के दोस्त ने कार का पीछा किया और अगले ट्रैफिक सिग्नल पर ड्राइवर को रोका. लेकिन ड्राइवर अपनी गलती मानने से इनकार करता रहा और फिर से गाड़ी भगा ले गया.

सिया ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "गुरुग्राम की सड़कों पर कोई सुरक्षित नहीं है." वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई. गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ ने बताया है कि वीडियो के आधार पर घटना की सही जगह का पता लगाया जा रहा है. शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी जाएगी.

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।