Gorakhpur Babu Encounter: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सोमवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और खोराबार थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपयेका इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ 'बाबू' पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ रामनगर-कड़जहां फोरलेन पर हुई, जहां आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के खुंदनपुर गांव का रहने वाला मुस्तफिजुल रहमान लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी, चोरी और पुलिस हिरासत से फरार होने समेत करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
STF के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाएं पैर और बाईं आंख के पास लगी। गंभीर रूप से घायल बदमाश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में STF के हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से .32 बोर की पिस्टल, एक बाइक और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
बसपा नेता हत्याकांड का था मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुस्तफिजुल रहमान वर्ष 2021 में पूर्व बसपा प्रत्याशी कलामुद्दीन खान उर्फ कमालू की हत्या का मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता था। जांच में सामने आया था कि उसने चुनावी रंजिश के चलते शार्प शूटरों के जरिए हत्या की साजिश रची थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक उसके संबंध दुबई में बैठे अपराधियों और मुख्तार अंसारी गैंग से भी जुड़े थे। इसी वजह से वह लंबे समय से पूर्वांचल पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।
ये भी पढ़ें: मप्र में कार्यवाहक पदोन्नति प्राप्त पुलिसकर्मी उच्च पदों पर बने रहेंगे: गृह विभाग ने जारी किया आदेश, लिखा- कार्यवाहक पद से नहीं हटाएंगे
चलती ट्रेन से कूदकर हुआ था फरार
STF ने बताया कि दिसंबर 2024 में गुजरात से आजमगढ़ लाते समय मुस्तफिजुल रहमान महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास शौचालय जाने का बहाना बनाकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हुई थी। फरारी के दौरान वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। अब STF उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और आर्थिक स्रोतों की भी गहन जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: UP Weather Update: कहीं झमाझम बारिश, तो कहीं उमस से परेशान लोग, इस दिन से बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया अलर्ट