Ganga Gaya Sangam Yatra: एक यात्रा में गया, काशी, प्रयागराज और अयोध्या के दर्शन- IRCTC लाया 8 दिन का खास पैकेज

Published on 4 अग॰ 2026

यात्रा

  • Authored by: मेधा चावला
  • Updated Aug 4, 2026, 09:18 AM IST

IRCTC Ganga Gaya Sangam Yatra: IRCTC की गंगा गया संगम यात्रा आपको 8 दिन का एक सुंदर धार्मिक टूर करने का मौका दे रही है। जानें गया, काशी, प्रयागराज, अयोध्या और नैमिषारण्य के इस टूर का किराया और इसे कब से बुक करा सकते हैं - आदि की जानकारी।

Image

एक पैकेज में घूमें कई धार्मिक जगहें

IRCTC Ganga Gaya Sangam Yatra: गया में विष्णुपद मंदिर के दर्शन करने हों, काशी में बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना हो, प्रयागराज के संगम में स्नान करना हो और अयोध्या में रामलला के दरबार भी पहुंचना हो, तो इसके लिए आमतौर पर अलग-अलग यात्राओं की योजना बनानी पड़ती है। ट्रेन या फ्लाइट के टिकट से लेकर होटल और स्थानीय वाहनों तक, हर शहर के लिए नई व्यवस्था करनी होती है। अगर आप इन सभी तीर्थ स्थलों को एक साथ देखना चाहते हैं, तो IRCTC का गंगा गया संगम यात्रा पैकेज आपके काम आ सकता है।

सात रात और आठ दिन का यह हवाई टूर हैदराबाद से शुरू होगा। यात्रा 2 सितंबर 2026 को आरंभ होगी और 9 सितंबर को पूरी होगी। इस दौरान गया, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ और नैमिषारण्य सहित उत्तर प्रदेश और बिहार के छह प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर जाने का अवसर मिलेगा।

बोधगया से शुरू होगा सफर

यात्रा के पहले दिन यात्रियों को हैदराबाद से कोलकाता के रास्ते गया ले जाया जाएगा। होटल में चेक-इन और कुछ देर आराम करने के बाद महाबोधि मंदिर तथा आसपास स्थित बौद्ध मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे।

बोधगया को भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली के रूप में जाना जाता है। मान्यता है कि यहीं बोधिवृक्ष के नीचे उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। यही कारण है कि बोधगया केवल बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए ही नहीं, बल्कि इतिहास और आध्यात्मिकता में रुचि रखने वाले यात्रियों के लिए भी खास है।

यात्रा के दूसरे दिन गया के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर और मंगला गौरी शक्तिपीठ के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद यात्रियों का समूह वाराणसी के लिए रवाना होगा।

काशी के मंदिरों और घाटों के होंगे दर्शन

यात्रा का तीसरा दिन काशी के नाम रहेगा। इस दिन श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर के साथ शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों और घाटों के दर्शन कराए जाएंगे। शाम के समय यात्री अपनी इच्छा और उपलब्ध समय के अनुसार गंगा आरती में शामिल हो सकते हैं। चाहें तो काशी की पुरानी गलियों और गंगा किनारे के घाटों को भी देख सकते हैं।

चौथे दिन यात्रियों को सारनाथ ले जाया जाएगा। यह वही स्थान है, जहां भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद अपना पहला उपदेश दिया था। सारनाथ के प्रमुख स्थलों को देखने के बाद समूह वापस वाराणसी लौट आएगा।

संगम के बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन

पांचवें दिन यात्रा प्रयागराज पहुंचेगी। यहां अलोपी देवी मंदिर के दर्शन और त्रिवेणी संगम की यात्रा कराई जाएगी। त्रिवेणी संगम को गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का मिलन स्थल माना जाता है। श्रद्धालु यहां स्नान और पूजा कर सकेंगे। इसके बाद समूह अयोध्या के लिए रवाना होगा।

छठे दिन अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जाकर रामलला के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद यात्रियों को लखनऊ ले जाया जाएगा।

नैमिषारण्य भी यात्रा में शामिल

सातवें दिन लखनऊ से नैमिषारण्य की यात्रा कराई जाएगी। पुराणों में वर्णित नैमिषारण्य को ऋषि-मुनियों की तपोभूमि माना जाता है। यहां चक्रतीर्थ सहित कई प्राचीन धार्मिक स्थल हैं। दर्शन के बाद यात्री शाम तक लखनऊ लौट आएंगे।

आठवें और अंतिम दिन लखनऊ के प्रसिद्ध बड़ा इमामबाड़ा को देखने का कार्यक्रम है। इसके बाद यात्री वापसी की उड़ान से हैदराबाद पहुंचेंगे।

कितना है गंगा गया संगम यात्रा का किराया

IRCTC Tourism की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस पैकेज की शुरुआती कीमत 38,850 रुपये प्रति व्यक्ति है। डबल ऑक्यूपेंसी यानी दो लोगों के एक कमरा साझा करने पर प्रति व्यक्ति 41,000 रुपये देने होंगे। अकेले कमरे में ठहरने पर किराया 54,800 रुपये है।

बच्चों का किराया उनकी उम्र और अलग बेड की जरूरत के अनुसार तय होगा। यह लगभग 22,250 रुपये से 34,050 रुपये के बीच रखा गया है।

कैसे कर सकते हैं बुकिंग

बुकिंग के लिए IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट के Holiday Packages सेक्शन में जाकर Ganga Gaya Sangam Yatra या पैकेज कोड SHA57 खोजा जा सकता है।

पेमेंट करने से पहले यह जरूर देख लें कि किराये में कौन-सी फ्लाइट, होटल, भोजन और स्थानीय परिवहन शामिल हैं। इसके साथ ही सीटों की उपलब्धता, बच्चों के किराये और बुकिंग रद्द करने के नियम भी अच्छी तरह पढ़ लें।

Medha Chawla

मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Travel

End of Article