Updated: Tuesday, August 4, 2026, 15:29 [IST]
Air India Flight Turbulence: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 उड़ान के दौरान टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) का शिकार हो गई। विमान में 134 यात्री सवार थे, जिनकी जान खतरे में पड़ गई। एयरलाइन ने आधिकारिक बयान में पुष्टि की है कि क्रूज के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक थोड़ा बदलाव आया, लेकिन पायलटों ने स्थिति को संभाल लिया और विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कर गया।
सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आए। गंभीर चोट की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर मेडिकल सुविधा केंद्र में जांच और देखभाल के लिए ले जाया गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दे रहे हैं और जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। आइए विस्तार से समझते हैं कि क्या हुआ, टर्बुलेंस क्या होता है, कैसे टर्बुलेंस का शिकार हुई?
Air India Flight Turbulence Reason: कैसे विमान हुआ टर्बुलेंस का शिकार?
दरअसल, 4 अगस्त को फ्लाइट AI2379 फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। यह रोजाना की तरह फ्लाइट है, जो आमतौर पर एयरबस A320neo जैसे आधुनिक विमान से संचालित होती है। उड़ान के दौरान, जब विमान क्रूज ऊंचाई पर था, तो अचानक टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इससे ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया। पायलटों ने तुरंत नियंत्रण लिया और विमान को स्थिर किया। दिल्ली पहुंचने पर लैंडिंग सामान्य रही।
एयरलाइन के अनुसार, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित रूप से उतरे। गंभीर चोट का कोई मामला नहीं है। जिन कुछ लोगों को मामूली चोटें (जैसे मोच, खरोंच या हल्की चोट) आईं, उन्हें एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ ने तुरंत एयरपोर्ट मेडिकल सेंटर में भेजा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बताया जा रहा है कि करीब 12 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां जांच और जरूरी इलाज किया जा रहा है। एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता दे रही है।
क्या कहते हैं डॉक्टर?
सभी घायलों को वसंत कुंज के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। वसंत कुंज के फोर्टिस अस्पताल का कहना है कि 7 यात्री फोर्टिस फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजन ढल अस्पताल पहुंचे हैं और उन्हें इमरजेंसी डिपार्टमेंट (ER) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचते ही सभी मरीजों की तुरंत जांच की गई और बिना देरी किए इलाज शुरू कर दिया गया। मरीजों की हालत स्थिर होने के बाद, अस्पताल की ओर से बेहतर तालमेल और संसाधनों के सही इस्तेमाल के लिए 'कोड येलो' एक्टिवेट किया गया।
हालत स्थिर होने के बाद, मरीजों को जरूरी रेडियोलॉजिकल जांच (जैसे CT/MRI/X-रे, जिनकी ज़रूरत थी) के लिए भेजा गया और अब उन्हें आगे की निगरानी और इलाज के लिए उनके संबंधित इनपेशेंट कमरों में भेजा जा रहा है। एयर इंडिया की एक खास कोऑर्डिनेशन टीम अस्पताल में मौजूद है और मरीज़ों की देखभाल, कागज़ी कार्रवाई, लॉजिस्टिक्स और यात्रियों के परिवारों से बातचीत में मदद के लिए क्लिनिकल और एडमिनिस्ट्रेटिव टीमों के साथ मिलकर काम कर रही है। मेडिकल टीमें अभी हर मरीज की जांच कर रही हैं।
'हम सो रहे थे, तभी फ्लाइट अचानक रुकी'
एक यात्री ने बताया कि फ्लाइट को उड़े हुए डेढ़ घंटा हो चुका था। सुबह का समय था। हम फ्लाइट के अंदर सो रहे थे। चलते-चलते फ्लाइट अचानक रुकी और मुड़ गई... यह 2-3 मिनट तक ऐसे ही चलती रही... 15-20 यात्री घायल हो गए... फ्लाइट में 100 से ज्यादा लोग थे... 70 से 80% लोग घायल हो गए... हम एयर इंडिया के खिलाफ जरूर कार्रवाई करेंगे
What Is Turbulence: टर्बुलेंस क्या होता है?
टर्बुलेंस हवा की अशांति या अनियमित प्रवाह है। जैसे सड़क पर गाड़ी चलाते समय अचानक गड्ढे या ऊबड़-खाबड़ रास्ता आ जाए, वैसे ही हवा में विमान को झटके लगते हैं। यह सामान्य घटना है और आधुनिक विमानों को इसे झेलने के लिए डिजाइन किया गया है।
टर्बुलेंस कितने तरह के...
- क्लीयर एयर टर्बुलेंस (CAT): यह सबसे खतरनाक और अप्रत्याशित होता है। साफ आसमान में, बिना बादलों के अचानक झटके आते हैं। अक्सर जेट स्ट्रीम या हवा की परतों के बीच तापमान अंतर के कारण होता है।
- थर्मल टर्बुलेंस: गर्म हवा ऊपर उठने से बनता है, खासकर गर्म मौसम में।
- मैकेनिकल टर्बुलेंस: पहाड़ों या ऊंची इमारतों के आसपास हवा के टकराने से।
- वेक टर्बुलेंस: दूसरे विमान के पीछे बची हवा से।
- स्टॉर्म से जुड़ा: बादलों या तूफान के पास।
Air India Flight Crash: अहमदाबाद हादसे की यादें ताजा?
आपको बता दें कि इस घटना ने पिछले साल यानी 12 जून 2025 को हुए एयर इंडिया की फ्लाइट A-171 क्रैश की यादें ताजा कर दीं। एयर इंडिया का ही विमान गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे से टर्मिनल छोड़कर रवाना हुआ और क्रैश हो गया था। इसमें 260 यात्रियों की खौफनाक मौत हो गई थी।