दिल्ली मेट्रो की Airport Express Line की एक ट्रेन के अंदर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. यह मामला दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 2007 और मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत दर्ज किया गया है.
ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टरों में देश में पिछले कुछ सालों में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे किए गए थे. साथ ही, पोस्टरों पर एक QR कोड भी लगा था, जिसके जरिए लोगों को एक ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया था. पुलिस ने पोस्टरों को जब्त कर लिया है. मामले की जांच में स्पेशल सेल भी जुटी हुई है.
सूत्रों के मुताबिक, A4 साइज के ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टरों पर, “आप अपना जीवन खुद बदल सकते हैं”, “वोटिंग के जरिए विरोध”, “जुड़ाव के अलग-अलग रूप”, “सामुदायिक निर्माण में सुधार” और “क्या आप असंतुष्ट हैं? आप अकेले नहीं हैं” जैसे नारे लिखे थे.
कब का है मामला?
FIR के मुताबिक, यह मामला 20 अक्टूबर को सामने आया, जब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी, जो एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर तैनात थे, ने अपनी ड्यूटी के दौरान इन पोस्टरों को देखा. चौधरी शाम करीब 6:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन से यशोभूमि स्टेशन के लिए रवाना हुए थे और ट्रेन लगभग 7:15 पर अपनी मंजिल पर पहुंची. अधिकारियों के कहने पर उन्होंने वो पोस्टर द्वारका सेक्टर 21 के स्टेशन कंट्रोलर को दे दिए, जिन्होंने आगे पुलिस को खबर की.
FIR के अनुसार, केबिन के अंदर से ट्रेन का निरीक्षण करते समय, उन्होंने एक सीट पर चिपके हुए दो पोस्टर देखे. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इस बात की जांच कर रही है कि मेट्रो ट्रेन के अंदर ये पोस्टर कैसे लगाए गए. चल रही जांच में स्पेशल सेल की भूमिका भी शामिल है.

विवेक शर्मा
विवेक शर्मा उत्तर प्रदेश के झांसी से टीवी9 भारतवर्ष के रिपोर्टर हैं. कहते हैं कि बनारस में जन्म लेने वाले के मिजाज़ में एक अलग ही अल्हड़पन, बेबाकी और अलमस्ती होती है. इसी मिट्टी की तासीर लेकर साल 2002 में विवेक शर्मा ने पत्रकारिता की दुनिया में दिल्ली में कदम रखा. विवेक की पत्रकारिता की शुरुआत हुई जैन टीवी (Jain TV), दिल्ली से, जहां कैमरे की बारीकियों और खबरों की रफ्तार को समझा. जैन टीवी में काम करते-करते मौका मिला देश के नंबर-1 चैनल आजतक (Aaj Tak) से जुड़ने का. 'आजतक' के साथ एक लंबा और शानदार कार्यकाल बीता. विवेक को दो दशक (20 साल) से ज्यादा का अनुभव है. आजतक चैनल के बाद अपने करियर को कुछ समय के लिए विराम देकर उन्होंने फिर से एक नई पारी की शुरुआत की. वर्तमान में TV9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में ज़मीनी स्तर पर काम करते हुए उनका एकमात्र मकसद जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाना है. चमक-दमक वाली खबरों से दूर, बुंदेलखंड की जनता के मुद्दे, उनकी परेशानियां और प्रशासन तक उनकी आवाज़ पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है.
Read More