
स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर छात्रा की हुई थी मौत.
Faridabad News: दिल्ली से सटे फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 साल की छात्रा की स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि बिरयानी खाने को लेकर हुए विवाद के बाद छात्रा को स्कूल में सजा दी गई थी और उसे घंटों क्लासरूम में खड़ा रखा गया. इसके बाद छात्रा ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. घटना के बाद छात्रा के परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
2 बच्चों को स्कूल भेजा था, घर लौटी सिर्फ बेटी की मौत की खबर
मृतक छात्रा के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्होंने अपने दोनों बच्चों को डबुआ-गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल भेजा था. उन्हें उम्मीद थी कि छुट्टी के बाद दोनों बच्चे घर लौटेंगे, लेकिन स्कूल खत्म होने के बाद घर सिर्फ एक बच्चा पहुंचा. कुछ देर बाद उन्हें अपनी 16 वर्षीय बेटी की मौत की खबर मिली.
ये भी पढ़ें- क्लास में बिरयानी पर विवाद, 4 घंटे की सजा फरीदाबाद में स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदी छात्रा, मौत; अब आया स्कूल प्रबंधन का जवाब
बेटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पिता अस्पताल की मोर्चरी के बाहर अपनी बेटी के पोस्टमार्टम का इंतजार करते नजर आए. उनका कहना है कि वह इस घटना की पूरी सच्चाई जानना चाहते हैं. अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
बिरयानी खाने को लेकर हुआ था विवाद
परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, स्कूल में बिरयानी खाने को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद छात्रा को स्कूल प्रबंधन से जुड़ी एक महिला ने सजा दी. परिजनों का दावा है कि छात्रा को क्लासरूम में काफी देर तक खड़ा रखा गया. इस घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से परेशान हो गई थी. वह स्कूल की तीसरी मंजिल तक पहुंची और वहां से छलांग लगा दी. छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया और घटना से पहले उसके साथ स्कूल में वास्तव में क्या हुआ था, यह जांच का विषय है.
पिता के मन में कई सवाल, स्कूल से मांगे जवाब
बेटी की मौत के बाद पिता प्रमोद कुमार स्कूल प्रशासन से कई सवालों के जवाब चाहते हैं. उनका सवाल है कि घटना से पहले के करीब तीन घंटे में स्कूल में उनकी बेटी के साथ क्या हुआ? उसे किसने देखा था? उसे सजा क्यों दी गई? वह स्कूल की तीसरी मंजिल तक कैसे पहुंची और घटना के बाद स्कूल ने परिवार को कब सूचना दी? परिवार का कहना है कि अगर उन्हें समय रहते घटना की जानकारी मिलती तो शायद वे अपनी बेटी को बचाने की कोशिश कर सकते थे. इसी वजह से परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढे़ं- Faridabad News: स्कूल में 4 घंटे धूप में खड़ा रखा, आहत 11वीं की छात्रा ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग; मौत
स्कूल के बाहर लगा मिला ताला
TV9 डिजिटल की टीम भी छात्रा के परिजनों के आरोपों पर स्कूल प्रशासन का पक्ष जानने के लिए स्कूल पहुंची. हालांकि, स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ मिला. स्कूल के लैंडलाइन और मोबाइल नंबर पर भी कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. ऐसे में स्कूल प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा.
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर सकती है. छात्रा स्कूल की तीसरी मंजिल तक कैसे पहुंची, उस समय वहां कौन-कौन मौजूद था और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही साफ हो सकेंगे. फिलहाल छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पुलिस परिजनों की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More