सुशांत सिंह राजपूत केस के नाम पर वायरल हो रही फोटो असली नहीं, बल्कि फेक है। इस तस्वीर को एआई टूल्स का इस्तेमाल करके बनाया गया है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 22, 2026 at 06:02 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बॉलीवुड की दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान के केस की जांच फिर शुरू होने के बाद से ही सुशांत सिंह राजपूत के तथाकथित मर्डर केस को लेकर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में एक लड़की सुशांत सिंह राजपूत को पकड़े हुए है और दो लोग साइड में खड़े हैं। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर सुशांत सिंह राजपूत के आखिरी समय की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल फोटो फर्जी है। यह तस्वीर काल्पनिक है और इसे एआई की मदद से तैयार किया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘its__amit__official_999’ ने 19 सितंबर 2026 को वायरल पोस्ट शेयर किया था। पोस्ट में मौजूद फोटो पर लिखा है, “सुशांत सिंह राजपूत भाई के मर्डर का खुलासा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल शुरू करते हुए संबंधित कीवर्ड्स की मदद ली और गूगल सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। फोटो को गौर से देखने पर हमने पाया कि इसमें मौजूद किसी भी व्यक्ति के चेहरे की बनावट सही नहीं है। ऐसे में हमें तस्वीर के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल फोटो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक करना शुरू किया। सबसे पहले हमने ‘AI or Not’ टूल की मदद से इस फोटो को स्कैन किया। इस टूल के एनालिसिस में वायरल तस्वीर के एआई से बने होने के करीब 83 फीसदी संकेत मिले।

एक अन्य टूल ‘Undetectable ai’ के जरिए भी फोटो को चेक किया गया। इस टूल ने भी फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

जब हमने तीसरे टूल ‘Is It AI’ की मदद से वायरल तस्वीर को सर्च किया, तब इस टूल ने भी अपने एनालिसिस में तस्वीर के एआई से बने होने के करीब 94 फीसदी तक संकेत दिए।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट के सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने भी तस्वीर को एआई की मदद से बनाया हुआ बताया।
क्या है संदर्भ?
जून 2020 में सुशांत सिंह राजपूत का निधन हो गया था। दिवंगत अभिनेता मुंबई में अपने अपार्टमेंट में संदिग्ध हालात में लटके पाए गए थे। इसके बाद उनकी मौत को लेकर कई तरह की साजिशों के आरोप लगे। इस मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार भी किया गया था। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने इस मामले की जांच भी की थी। साल 2025 में सीबीआई ने इस मामले से जुड़े दो केस में कोई गड़बड़ी न मिलने की बात कहते हुए उन्हें बंद कर दिया था।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान के केस में कई गंभीर खामियों का जिक्र किया है। साथ ही, सीबीआई को इस मामले में फिर से एफआईआर दर्ज कर जांच करने के लिए कहा है। दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान के केस की जांच फिर शुरू होने के बाद सुशांत सिंह राजपूत का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है।
जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को चार सौ से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह हैंडल जून 2022 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सुशांत सिंह राजपूत केस के नाम पर वायरल हो रही फोटो असली नहीं, बल्कि फेक है। इस तस्वीर को एआई टूल्स का इस्तेमाल करके बनाया गया है।
- Claim Review : दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के मर्डर की तस्वीर।
- Claimed By : Insta User its__amit__official_999
- Fact Check : झूठ
Our Sources
- AI Detection Tool AI Or Not
- AI Detection Tool Undetectable AI
- AI Detection Tool Is It AI
- News Report by BBC, Dated 3 Sep 2026
- News Report by News On Air, Dated 24 Mar 2026
- News Report by Aaj Tak, Dated 22 Mar 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
Related Fact Check
- Fact Check: AI से फोटो बनवाने के ट्रेंड की वजह से उज्जैन में 45 साल बाद महिला चोर के पकड़े जाने का दावा मनगढ़ंत
- Fact Check: रेलवे ट्रैक पर हाथी के बच्चे को बचाए जाने के दावे से वायरल वीडियो वास्तविक नहीं, AI क्रिएटेड है
- Fact Check: बिना हाथों के जिम्नास्टिक्स करती दिव्यांग लड़की का वीडियो AI निर्मित
टैग्स
- bollywood news
- Sushant Singh Rajput AI Photo
- Sushant Singh Rajput Case
- Sushant Singh Rajput News
अपनी प्रतिक्रिया दें
Next Article
