राहुल गांधी के इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के नाम पर वायरल वीडियो आदिवासी दिवस का है। आदिवासी समाज के लोगों ने अगस्त 2026 में इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर एक भव्य रैली निकाली थी।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 21, 2026 at 02:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 19 सितंबर 2026 को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भाग लिया। इसी कार्यक्रम से जोड़कर जनसैलाब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक पुल के ऊपर और नीचे बड़ी संख्या में लोगों को देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने आए छात्रों की भीड़ का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो का राहुल गांधी के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो इंदौर में अगस्त 2026 में आयोजित आदिवासी दिवस के मौके पर निकाली गई एक रैली का है। आदिवासी दिवस की रैली के वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Vasava Yakub’ ने 20 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्या था, इंदौर! एक शहर जो बीजेपी का गढ़ माना जाता है, उसने अभी-अभी राहुल गांधी के लिए प्यार, ऊर्जा और उत्साह की एक अविश्वसनीय लहर देखी। सड़कें गूंज उठीं। छात्र इकट्ठा हुए। और इंदौर ने अपनी आवाज बुलंद की। तुमने आज सिर्फ एक पल नहीं बनाया, इंदौर — तुमने इतिहास रचा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसे गौर से देखा। हमने पाया कि इस वीडियो में दिख रही वैन पर लगे एक पोस्टर में आदिवासी दिवस लिखा है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Vinoddj Vlog’ नाम के फेसबुक अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 10 अगस्त 2026 को पोस्ट किया गया था। अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि इसी तरह के कई वीडियो इस अकाउंट पर आदिवासी दिवस के कार्यक्रम की रैली का बताते हुए शेयर किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें वीडियो का एक लंबा वर्जन ‘Pawar video creator’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 9 अगस्त 2026 को अपलोड किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो इंदौर में आदिवासी दिवस के दिन हुई रैली का है। वीडियो में 1 मिनट 36 सेकंड पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को भी देखा जा सकता है।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘अमर उजाला’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 9 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर इंदौर शहर में आदिवासी समाज द्वारा एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा था। इस भव्य जुलूस में हजारों की संख्या में युवा एकत्र हुए । पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में सजे-धजे ये युवा अपनी समृद्ध संस्कृति, अनूठी परंपराओं और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे थे।” रिपोर्ट में वायरल वीडियो में नजर आ रहे पुल की तस्वीर देखी जा सकती है।

अधिक जानकारी के लिए हमने नईदुनिया, इंदौर के रिपोर्टर उदय प्रताप सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो अगस्त 2026 में आदिवासी दिवस के मौके पर निकाली गई रैली का है।
क्या है संदर्भ?
मध्य प्रदेश के इंदौर में राहुल गांधी 19 सितंबर 2026 को छात्रों से मिलने और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में उन्होंने पेपर लीक, संस्थानों की विफलता, इन्फ्रास्ट्रक्चर का ध्वस्त होना और निजीकरण जैसे मुद्दों पर छात्रों से बातचीत की। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को गुजरात का रहने वाला बताया है। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी के इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के नाम पर वायरल वीडियो आदिवासी दिवस का है। आदिवासी समाज के लोगों ने अगस्त 2026 में इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर एक भव्य रैली निकाली थी। इसी रैली के पुराने और असंबंधित वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब का वीडियो।
- Claimed By : FB User Vasava Yakub
- Fact Check : झूठ
Our Sources
- Video posted by FB Handle Vinoddj Vlog, Dated 10 Aug 2026
- FB Handle Vinoddj Vlog
- Video posted by YT Pawar video creator, Dated 9 Aug 2026
- News Report by Amar Ujala, Dated 9 Aug 2026
- News Report by BBC, Dated 19 Sep 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
Related Fact Check
- Fact Check: राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को मिला 1 वोट, लेकिन वायरल हो रहा वीडियो बिहार के नेता का
- Fact Check: भाजपा के दिवंगत सांसद और विधायक के बीच हुई मारपीट का पुराना वीडियो FAKE दावे के साथ वायरल
- Fact Check: पीएम मोदी के जन्मदिन पर बुर्ज खलीफा का एक साल पुराना वीडियो 2026 का बताकर वायरल
टैग्स
- Chhatron Ki Goonj viral video
- Indore News
- Indore tribal day rally
- Indore Viral Video
- madhya pradesh news
- Rahul Gandhi event video
अपनी प्रतिक्रिया दें
Next Article
