Govinda-Sunita Love Story: बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादी को करीब चार दशक हो चुके हैं. दोनों की जिंदगी में प्यार, शादी, परिवार और उतार-चढ़ाव सब कुछ देखने को मिला है. एक समय था जब गोविंदा और सुनीता की जोड़ी को बॉलीवुड की मजबूत जोड़ियों में गिना जाता था, लेकिन अब दोनों का रिश्ते में अनबन चल रही है. हाल के दिनों में सुनीता की तरफ से गोविंदा के कथित अफेयर को लेकर बयान सामने आए हैं. इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं.
वहीं, गोविंदा और सुनीता की लव स्टोरी की बात करे तो ये किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही है. पहली मुलाकात से लेकर गुपचुप शादी और फिर गोविंदा का एक दूसरी एक्ट्रेस के लिए प्यार कबूल करना, इस रिश्ते में कई मोड़ सामने आए हैं. तो चलिए जानते हैं इनकी लवस्टोरी, शादी से लेकर अफेयर की खबरों तक पूरी कहानी.
गोविंदा और सुनीता की पहली मुलाकात
गोविंदा और सुनीता की पहली मुलाकात किसी फिल्म के सेट पर नहीं, बल्कि परिवार के जरिए हुई थी. सुनीता की बड़ी बहन की शादी गोविंदा के मामा आनंद सिंह से हुई थी. उस समय गोविंदा कुछ समय अपने मामा के साथ रहे थे. इसी वजह से सुनीता का उनके घर आना-जाना होता था और वहीं दोनों की मुलाकात हुई. दिलचस्प बात ये है कि पहली नजर में दोनों को एक-दूसरे को देखकर प्यार नहीं हुआ था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा को सुनीता काफी हाई-सोसायटी टाइप लगती थीं, जबकि सुनीता को गोविंदा काफी देसी और अलग स्वभाव के लगे.
डांस से बढ़ी नजदीकी, चिट्ठियों से हुआ प्यार
शुरुआत में दोनों के बीच अक्सर नोकझोंक होती थी और फिर धीरे-धीरे दोस्ती हुई और फिर दोनों एक-दूसरे के करीब आने लगे. गोविंदा और सुनीता की लव स्टोरी में डांस का भी खास रोल रहा है. परिवार के लोग दोनों को साथ डांस करने के लिए कहते थे. इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी. मालूम हो कि उस दौर में आज की तरह मोबाइल फोन और सोशल मीडिया नहीं होता था, ऐसे में दोनों एक-दूसरे से चिट्ठियां भेजा करते थे. सुनीता ने अलग-अलग इंटरव्यू में बताया है कि वो काफी कम उम्र में ही गोविंदा को पसंद करने लगी थीं. करीब तीन साल तक दोनों ने एक-दूसरे को डेट किया और इसके बाद शादी की.
1987 में हुई गुपचुप शादी
गोविंदा और सुनीता ने 11 मार्च 1987 को शादी कर ली थी. लेकिन इस शादी की खबर उस समय पब्लिक नहीं की गई थी. दरअसल, शादी के वक्त गोविंदा का करियर पीक पर था और वो तेजी से आगे बढ़ रहे थे. दरअसल, गोविंदा को डर था कि अगर उनकी शादी की खबर सामने आ गई तो उनकी फीमेल फैन फॉलोइंग और स्टार इमेज पर असर पड़ सकता है इसी वजह से दोनों ने अपनी शादी को कुछ समय तक छिपाकर रखा.
ये भी पढ़ें- 'मेरी कुंडली में दूसरी शादी का योग', गोविंदा ने 90's में ही सुनीता को रिश्ते के लिए दे दी थी वॉर्निंग!
बेटी के बाद सामने आया शादी का राज
गोविंदा और सुनीता की शादी को करीब दो साल तक सेछिपाकर रखा गया. इसके बाद 1989 में जब उनकी बेटी टीना आहूजा का जन्म हुआ तो तब तब लोगों को पता चला कि गोविंदा शादीशुदा हैं. हालांकि ये खबर सामने आने के बाद उनके करियर पर ज्यादा असर नहीं पड़ा और बावजूद इसके 80 और 90 के दशक में उन्होंने लगातार कई हिट फिल्में दीं और बॉलीवुड के बड़े सितारों में शामिल हो गए. वहीं, सुनीता परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी संभालती रहीं.
गोविंदी का लाइफ में नीलम कोठारी की एंट्री
गोविंदा के करियर के दौर में उनका नाम कई एक्ट्रेसेस संग जुड़ा, जिनमें से एक नीलम कोठारी थी. गोविंदा और नीलम ने साथ में कई फिल्मों में काम किया और दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी को दर्शक खूब पसंद भी करते थे. गोविंदा ने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि वो नीलम को पसंद करने लगे थे और उनसे शादी करने के बारे में भी सोचते थे. उन्होंने ये भी बताया था कि उस दौर में वो इतने उलझ गए थे कि उन्होंने सुनीता से रिश्ता खत्म करने तक के बारे में सोच लिया था.
शादी में आए उतार-चढ़ाव
कई सालों तक गोविंदा और सुनीता ने अपने रिश्ते को लेकर ज्यादा खुलकर बात नहीं की. लेकिन समय-समय पर दोनों अपनी लाइफ से जुड़े किस्से शेयर करते रहते थे. सुनीता ने हाल ही के सालों में कहा कि शादी में कई तरह की परेशानियां आईं और रिश्ते को चलाने के लिए समझौते करने पड़ते हैं. वहीं, जून 2026 में रियलिटी शो ‘लॉक अप’ के दौरान उन्होंने दावा किया था कि गोविंदा के कई अफेयर्स रहे हैं. ये बयान सामने आने के बाद दोनों की शादी फिर से चर्चा में आ गई.
गोविंदा के अफेयर की चर्चा
वैसे पिछले साल से गोविंदा पर अफेयर का आरोप लग रहा है. लेकिन कुछ समय पहले एक्टर को एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार संग साथ देखे जाने के बाद से ये दावा किया जा रहा है कि एक्टर उन्हें डेट कर रहे हैं. वहीं, सुनीता ने भी गोविंदा के कथित रिश्ते को लेकर नाराजगी जताई. सुनीता ने कहा था- 'बेटी की उम्र की लड़की को लेकर घूम रहा है. शर्म आनी चाहिए.' सुनीता के इन बयानों के बाद मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया.
तलाक की खबरों ने भी बढ़ाई हलचल
अफेयर की चर्चाओं के बीच गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में तनाव की खबरें भी सामने आईं. लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने तलाक की प्रक्रिया शुरू की थी, हालांकि बाद में उन्होंने अपनी याचिका वापस ले ली. गोविंदा के मैनेजर ने भी तलाक की याचिका वापस लिए जाने की पुष्टि की है. इस पूरे मामले पर दोनों की तरफ से अलग-अलग बातें सामने आती रही हैं. गोविंदा ने भी सुनीता के बयानों पर नाराजगी जताई है और उन्हें अपनी भाषा को लेकर सावधान रहने की बात कही है.
ये भी पढ़ें- 'सुनीता को धोखा देगा तो भीख मांगेगा', गोविंदा को मिली ये धमकी! वायरल वीडियो ने मचाई हलचल