Ramayana Trailer: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड और मेगा बजट फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो चुका है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है. इसकी सबसे बड़ी वजह फिल्म की बड़ी स्टारकास्ट, भव्य सेटअप, दमदार VFX और कहानी से जुड़ी लोगों की भावनाएं हैं. फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. हालांकि, फिल्म के बजट को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं, लेकिन इतना जरूर है कि 'रामायण' को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है.
वहीं ट्रेलर रिलीज होने के बाद जहां एक तरफ रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक, साई पल्लवी की सीता और यश के रावण अवतार की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ दर्शकों को ट्रेलर में कई चीजें ऐसी भी लगीं जो उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहीं. तो चलिए हम आपको इसके बारे में डिटेल में बताते हैं.
कुछ दर्शकों को खटक रही ये बातें
दरअसल, 'आदिपुरुष' के अनुभव के बाद 'रामायण' को लेकर फैंस के मन में एक बड़ा डर था कि कहीं ये फिल्म भी खराब VFX, कमजोर डायलॉग्स या किरदारों की गलत प्रेजेंटेशन की वजह से विवादों में न फंस जाए. हालांकि, ट्रेलर देखने के बाद बड़ी संख्या में दर्शक इस बात से काफी हद तक संतुष्ट नजर आ रहे हैं कि फिल्म का ट्रीटमेंट 'आदिपुरुष' से अलग है. लेकिन इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे पॉइंट्स हैं, जिन्हें लेकर फैंस ने अपनी निराशा जाहिर की है. आइए जानते हैं ट्रेलर की वो 5 बातें, जो कुछ दर्शकों को खटक रही हैं.
1. राम के रोल में रणबीर कपूर पर उठे सवाल
'रामायण' की सबसे बड़ी पहचान भगवान राम का किरदार है और फिल्म में इस भूमिका को रणबीर कपूर निभा रहे हैं. ट्रेलर में रणबीर का लुक काफी सादगी भरा रखा गया है. उनकी वेशभूषा, शांत हाव-भाव और चेहरे पर दिखाई देने वाली गंभीरता को काफी लोगों ने पसंद किया है. वहीं ट्रेलर में रणबीर को एक्शन करते हुए भी दिखाया गया है, जिसकी उनके फैंस तारीफ कर रहे हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों को रणबीर की स्क्रीन अपीयरेंस को लेकर थोड़ी निराशा नजर आई.
कुछ यूजर्स का मानना है कि रणबीर का व्यक्तित्व भगवान राम के किरदार के लिए उतना प्रभावशाली नहीं लग रहा, जितना उन्हें उम्मीद थी. वहीं कुछ लोगों ने खासतौर पर उनकी डायलॉग डिलीवरी पर सवाल उठाए. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने यहां तक कहा कि रणबीर जब भगवान राम के रूप में कुछ डायलॉग बोलते हैं तो वो उन्हें थोड़ा अजीब या बनावटी लग रहा है. दूसरी तरफ यश के रावण वाले लुक ने ट्रेलर में आते ही जबरदस्त प्रभाव छोड़ा है. यही वजह है कि कुछ दर्शकों को रणबीर की तुलना में यश की स्क्रीन प्रेजेंस ज्यादा दमदार लगी. एक यूजर ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि रावण के किरदार में यश ने सभी को पीछे छोड़ दिया है.
2. ट्रेलर में नहीं दिखे सनी देओल
ट्रेलर का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सनी देओल कहां हैं? 'रामायण' में सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं. फिल्म में उनका नाम जुड़ने के बाद से ही फैंस उनके लुक को देखने के लिए काफी उत्साहित हैं. लेकिन करीब 4 मिनट 9 सेकंड लंबे ट्रेलर में हनुमान का एक भी सीन नहीं दिखाया गया. ट्रेलर में राम और सीता की शादी, वनवास, शूर्पणखा, सीता हरण और रावण से जुड़े कई बड़े कॉन्टेक्ट्स की झलक दिखाई गई है. लेकिन हनुमान की एंट्री को पूरी तरह छिपाकर रखा गया है. इस वजह से कुछ फैंस थोड़े मायूस नजर आए. सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल किया कि जब ट्रेलर इतना लंबा है और कहानी के इतने बड़े हिस्से दिखाए गए हैं तो हनुमान की एक झलक तक क्यों नहीं दी गई?
हालांकि, इसका एक दूसरा पक्ष भी है. कई दर्शकों का मानना है कि मेकर्स ने जानबूझकर सनी देओल के हनुमान वाले लुक को छिपाकर रखा है. हो सकता है कि मेकर्स दूसरे ट्रेलर या किसी अलग प्रमोशनल वीडियो में हनुमान का फर्स्ट लुक रिलीज करें. इसके अलावा 'रामायण' को दो पार्ट में बनाया जा रहा है और कहानी के आगे बढ़ने के साथ हनुमान का किरदार बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है. ऐसे में संभव है कि मेकर्स सनी देओल की बड़ी एंट्री को फिल्म के दूसरे हिस्से के लिए बचाकर रखना चाहते हों.
3. लारा दत्ता के कैकेयी लुक पर उठे सवाल
ट्रेलर में एक्ट्रेस लारा दत्ता की भी छोटी सी झलक दिखाई गई है. लारा दत्ता फिल्म में माता कैकेयी का किरदार निभा रही हैं. हालांकि, ट्रेलर में उनका स्क्रीन टाइम कुछ ही सेकंड का है, लेकिन इतने छोटे से सीन ने भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया. कुछ दर्शकों को लारा दत्ता का लुक और खासकर उनकी ड्रेसिंग प्राचीन काल की कहानी के हिसाब से बहुत मॉडर्न लगी. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने कहा कि उनके कपड़ों में उन्हें उस दौर की वास्तविकता नजर नहीं आई.
कुछ यूजर्स का मानना है कि कैकेयी का किरदार अगर त्रेता युग की कहानी का हिस्सा है तो उनकी साड़ी और स्टाइलिंग में उस समय की झलक ज्यादा दिखाई देनी चाहिए थी. हालांकि, ये भी ध्यान रखना जरूरी है कि ट्रेलर में लारा दत्ता की झलक बहुत छोटी है. इसलिए उनके पूरे किरदार की कॉस्ट्यूम और लुक को सिर्फ कुछ सेकंड के फुटेज के आधार पर जज करना शायद सही नहीं होगा. फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा कि कैकेयी के किरदार को मेकर्स ने किस तरह डिजाइन किया है.
4. शूर्पणखा के ग्लैमरस लुक पर मचा बवाल
इसमें एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी. ट्रेलर में शूर्पणखा की जो झलक दिखाई गई है, उसने भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा पैदा कर दी. रकुल को काफी ग्लैमरस और रिवीलिंग आउटफिट में दिखाया गया है. उनका लुक बाकी किरदारों की तुलना में काफी अलग दिखाई देता है. इसी वजह से कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके लुक पर सवाल उठाए और इसे लेकर मीम्स और कमेंट्स भी देखने को मिले. कुछ लोगों ने कहा कि रामायण जैसे विषय में शूर्पणखा का लुक इतना मॉडर्न और ग्लैमरस क्यों रखा गया है.
वहीं एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि त्रेता युग में लिप फिलर कौन करवाता था. कुछ लोगों ने ये भी सवाल किया कि उस दौर की कहानी में इस तरह के आउटफिट और मेकअप को कितना वास्तविक माना जा सकता है. हालांकि, यहां भी एक बात ध्यान देने वाली है कि शूर्पणखा के किरदार को फिल्म में किस तरह दिखाया जाएगा, ये ट्रेलर के कुछ सेकंड के सीन से पूरी तरह तय नहीं किया जा सकता. हो सकता है कि फिल्म में उनके किरदार का लुक और कहानी के संदर्भ में कोई अलग ट्रीटमेंट देखने को मिले.
5. रामानंद सागर की 'रामायण' से हो रही तुलना
'रामायण' के ट्रेलर की सबसे बड़ी चुनौती शायद कोई एक्टर या VFX नहीं, बल्कि रामानंद सागर की 1987 वाली 'रामायण' की विरासत है. कई दर्शकों के लिए रामायण सिर्फ एक टीवी शो नहीं बल्कि बचपन और आस्था से जुड़ी हुई याद है. रामानंद सागर की 'रामायण' में अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी जैसे कलाकारों ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का किरदार निभाया था.
आज भी जब रामायण की बात होती है तो बड़ी संख्या में दर्शकों के जेहन में सबसे पहले वही चेहरे आते हैं. यही वजह है कि 'रामायण' के ट्रेलर के सामने आने के बाद कई लोग इसकी तुलना रामानंद सागर की सीरीज से कर रहे हैं. पुरानी 'रामायण' में सीमित तकनीक और साधारण सेटअप के बावजूद दर्शकों को कहानी और किरदारों में एक अलग तरह की सादगी और भावनात्मक जुड़ाव महसूस होता था. वहीं नितेश तिवारी की 'रामायण' को मॉडर्न तकनीक, बड़े VFX, बड़े सेट्स और इंटरनेशनल लेवल के विजुअल्स के साथ तैयार किया गया है.
ये भी पढ़ें: Explainer: रामायण के बाद अब बड़े पर्दे पर छाएंगी ये पौराणिक फिल्में, कई मेगा प्रोजेक्ट्स पर चल रहा काम