लाइफस्टाइल
- Authored by: विनीत
- Updated Jul 13, 2026, 03:12 PM IST
Bathroom Exhaust Fan Cleaning: क्या आप बाथरूम के एग्जॉस्ट फैन की नियमित सफाई करते हैं? जानिए समय पर इसे साफ करना क्यों जरूरी है, गंदा एग्जॉस्ट फैन किन समस्याओं की वजह बन सकता है और इसकी सफाई कितने समय में करनी चाहिए।
![]()
टाइम टू टाइम एग्जॉस्ट फैन की सफाई क्यों जरूरी है
Bathroom Exhaust Fan Cleaning: घर की सफाई करते समय हम अक्सर फर्श, टाइल्स, वॉशबेसिन और कमोड तो साफ कर लेते हैं, लेकिन बाथरूम में लगा एग्जॉस्ट फैन (Exhaust fan) नजरअंदाज हो जाता है। धीरे-धीरे इस पर धूल, नमी और गंदगी जमा होने लगती है। शुरुआत में यह कोई बड़ी बात नहीं लगती, लेकिन समय के साथ यही गंदगी फैन की रफ्तार कम कर सकती है। इसका असर पूरे बाथरूम पर पड़ता है। नहाने के बाद नमी देर तक बनी रहती है, बदबू आने लगती है और बाथरूम जल्दी सूखता भी नहीं। इसलिए सिर्फ बाथरूम चमकाना ही काफी नहीं है, बल्कि एग्जॉस्ट फैन की समय-समय पर सफाई करना भी उतना ही जरूरी है।
बाथरूम में नमी ज्यादा देर तक बनी रह सकती है
एग्जॉस्ट फैन का काम बाथरूम की गर्म भाप और नमी को बाहर निकालना होता है। लेकिन जब उसके पंखों पर धूल जम जाती है, तो वह पहले जैसी हवा नहीं खींच पाता। इसका नतीजा यह होता है कि बाथरूम देर तक गीला रहता है और नमी बनी रहती है।
दीवारों पर काले दाग और बदबू की परेशानी बढ़ सकती है
अगर बाथरूम में लंबे समय तक नमी रहे, तो दीवारों और छत के कोनों में काले दाग या फफूंदी बनने लगती है। इसके साथ सीलन जैसी बदबू भी आने लगती है। ऐसे माहौल में बाथरूम साफ दिखने के बावजूद ताजगी महसूस नहीं होती।
फैन जल्दी खराब हो सकता है
जब फैन पर गंदगी की मोटी परत जम जाती है, तो उसे घूमने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे उसकी मोटर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। अगर लंबे समय तक सफाई न की जाए, तो फैन की उम्र कम हो सकती है और उसे ठीक कराने या बदलने की जरूरत पड़ सकती है।
बिजली की बर्बादी भी हो सकती है
गंदा एग्जॉस्ट फैन पहले जितनी तेजी से काम नहीं कर पाता। ऐसे में उसे वही काम करने में ज्यादा समय लग सकता है। इससे बिजली की खपत भी बढ़ सकती है। साफ फैन बेहतर तरीके से चलता है और कम मेहनत में अपना काम कर देता है।
कितने समय में सफाई करनी चाहिए
अगर बाथरूम का रोज इस्तेमाल होता है, तो हर 2 से 3 महीने में एग्जॉस्ट फैन की सफाई करना अच्छी आदत है। सफाई से पहले बिजली का स्विच बंद कर दें। फिर सूखे कपड़े या मुलायम ब्रश से धूल साफ करें। अगर गंदगी ज्यादा हो, तो हल्के गीले कपड़े से पंखों को साफ किया जा सकता है। नियमित सफाई से फैन लंबे समय तक अच्छी तरह काम करता है और बाथरूम भी साफ, सूखा और बदबू से काफी हद तक मुक्त रहता है।
![]()
विनीत author
विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें
- Hindi News
- Lifestyle
End of Article