अगर आपके EPS का भी हुआ है कम भुगतान, तो जान लें यह फैसला; EPFO को आयोग ने ठहराया दोषी

Published on 25 जुल॰ 2026

अगर आपके EPS का भी हुआ है कम भुगतान, तो जान लें यह फैसला; EPFO को आयोग ने ठहराया दोषी

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) को एक कर्मचारी के Employees’ Pension Scheme (EPS) के निकासी लाभ की गलत गणना करना महंगा पड़ गया. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने EPFO को सेवा में कमी (Deficiency in Service) का दोषी मानते हुए कर्मचारी को बकाया राशि के साथ 9% ब्याज, ₹1,000 मुआवजा और ₹2,500 मुकदमे का खर्च देने का आदेश दिया है. आयोग ने माना कि EPFO ने नियमों के अनुसार सही फैक्टर लागू नहीं किया, जिससे कर्मचारी को ₹1,350 कम भुगतान हुआ.

क्या था पूरा मामला?

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ निवासी एक कर्मचारी ने 4 अप्रैल 2024 से 15 मार्च 2025 तक एक निजी स्कूल में आउटसोर्सिंग एजेंसी के जरिए क्लर्क के रूप में काम किया. नौकरी के दौरान उसके वेतन से नियमित रूप से EPF और EPS का अंशदान काटकर EPFO में जमा किया गया.

नौकरी छोड़ने के बाद कर्मचारी ने EPS निकासी के लिए आवेदन किया. EPFO की वेबसाइट पर उपलब्ध पासबुक में पेंशन योगदान ₹14,230 दिख रहा था, लेकिन उसके बैंक खाते में केवल ₹12,750 ही जमा किए गए. कई शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं मिलने पर कर्मचारी ने जिला उपभोक्ता आयोग का रुख किया.

EPFO ने क्या सफाई दी?

EPFO ने आयोग के सामने कहा कि कर्मचारी की सेवा अवधि में 16 दिन का ‘नॉन-कॉन्ट्रिब्यूटरी पीरियड’ था. इसी आधार पर उसकी पेंशन योग्य सेवा 10 महीने मानी गई और Employees’ Pension Scheme, 1995 के नियमों के अनुसार भुगतान किया गया. संगठन का कहना था कि लाभ की गणना ₹15,000 की अधिकतम वेतन सीमा के आधार पर की गई थी.

आयोग ने कैसे पकड़ी गलती?

आयोग ने पाया कि EPFO अपने 16 दिन के नॉन-कॉन्ट्रिब्यूटरी पीरियड के दावे के समर्थन में कोई दस्तावेज या रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका. रिकॉर्ड से साफ था कि कर्मचारी ने लगातार 11 महीने 12 दिन तक काम किया था. ऐसे में 10 महीने का फैक्टर लगाना गलत था.

आयोग ने कहा कि कर्मचारी की सेवा अवधि के अनुसार 0.94 फैक्टर लागू होना चाहिए था, जबकि EPFO ने 0.85 फैक्टर का इस्तेमाल किया. सही गणना के अनुसार कर्मचारी को ₹14,100 मिलने चाहिए थे, लेकिन उसे ₹12,750 ही दिए गए. इस तरह ₹1,350 का कम भुगतान हुआ.

क्या है इस फैसले का महत्व?

यह फैसला उन लाखों EPFO सदस्यों के लिए अहम है जो EPS निकासी या अन्य दावों का भुगतान प्राप्त करते हैं. यदि पासबुक में दर्ज राशि और वास्तविक भुगतान में अंतर दिखाई देता है या गणना में गलती का संदेह हो, तो सदस्य EPFO से स्पष्टीकरण मांग सकते हैं. जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता आयोग या अन्य कानूनी मंच पर भी न्याय की मांग की जा सकती है. यह फैसला साफ करता है कि EPFO जैसी वैधानिक संस्था भी गलत गणना के लिए जवाबदेह हो सकती है.

कन्हैया पचौरी

कन्हैया पचौरी

कन्हैया पचौरी एक अनुभवी पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट, टीवी और ऑनलाइन मीडिया में 10 वर्षों का अनुभव है. उन्होंने प्रिंट पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया और पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने टेक और ऑटो सेक्शन को कवर कर रहे हैं. वह टेक्नोलॉजी पर बारीकी से रिसर्च करते है और लेटेस्ट ट्रेंड्स और डेवलपमेंट्स पर नजर रखते हैं. वर्तमान में, कन्हैया टीवी9 के साथ जुड़े हुए हैं, यहां ये टेक और ऑटो सेक्शन कवर कर रहे हैं. उन्होंने इंडस्ट्री में लेटेस्ट डेवलपमेंट के गहन कवरेज करने को लेकर अपना नाम बनाया है. यूजर्स को किसी भी न्यूज की पूरी और सही जानकारी देने में तत्पर हैं. जब वह टेक्नोलॉजी पर काम नहीं कर रहे होते हैं तो अपने शौक पूरे करने में उन्हें अच्छा लगता है. उन्हें म्यूजिक सुनना और किताबें पढ़ना पसंद है. उनका मानना है कि काम में व्यस्त दिन के बाद म्यूजिक और किताबें आराम करने का एक शानदार तरीका है.

Read More

google button