ENG vs PAK: फ्लाइंग कैच... बाबर आजम ने जिस खिलाड़ी को किया बाहर, उसी ने लूटी महफिल, Video

Published on 28 अग॰ 2026

ENG vs PAK: फ्लाइंग कैच... बाबर आजम ने जिस खिलाड़ी को किया बाहर, उसी ने लूटी महफिल, Video

सलमान अली आगा ने लपका कमाल का कैच. (फोटो- GETTY)

Salman Ali Agha One Handed Catch: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन पाकिस्तान के खिलाड़ी सलमान अली आगा ने अपनी फील्डिंग से पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. उंगली की चोट से उबरकर बाबर आजम के प्लेइंग इलेवन में लौटने के बाद सलमान भले ही प्लेइंग 11 में जगह नहीं बना सके, लेकिन वो बतौर सब्स्टीट्यूट फील्डर मैदान पर उतरे, जहां उन्होंने दूसरी स्लिप में हवा में उड़ते हुए एक हाथ से अद्भुत कैच लपका.

हवा में छलांग और एक हाथ से सनसनीखेज कैच

इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान जब टीम शुरुआती झटकों से उबरकर वापसी कर रही थी, तब यह जादुई पल देखने को मिला. दरअसल, पारी के 48वें ओवर में पाकिस्तानी तेज गेंदबाज खुर्रम शहजाद की ऑफ स्टंप के बाहर निकलती गेंद पर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स ने बैकफुट पर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर स्लिप की ओर तेजी से चली गई. दूसरी स्लिप में तैनात सलमान अली आगा ने पलक झपकते ही अपनी दाईं ओर पूरी लंबाई में छलांग लगाई और एक हाथ से मुश्किल कैच को पकड़ लिया.

इस कैच के बाद मैदान पर मौजूद सभी पाकिस्तानी खिलाड़ी दौड़कर उनके ऊपर आ गए और इस सनसनीखेज फील्डिंग का जश्न मनाया. वहीं, सलमान के इस कैच ने मैच का रुख पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया. जॉर्डन कॉक्स और जेमी स्मिथ के बीच छठे विकेट के लिए 67 रनों की मजबूत साझेदारी बन चुकी थी, तब सलमान आगा ने ये कारनामा कर दिखाया. वहीं, अपने करियर का सिर्फ तीसरा टेस्ट खेल रहे 25 साल के जॉर्डन कॉक्स ने 105 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 55 रनों की पारी खेली.

इंग्लैंड की पारी लड़खड़ाई

इंग्लैंड की टीम इस मैच के शुरुआती दिन बैकफुट पर नजर आई. उसने पहले ही सेशन में 4 विकेट गंवा दिए. इसके बाद कॉक्स ने पहले डैन लॉरेंस और फिर जेमी स्मिथ के साथ मिलकर पारी को संभाला था, जिसे आगा के कैच ने रोक दिया. जिसके चलते पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 56 ओवर खेलकर 248 रन बनाए और 9 विकेट गंवा दिए. खेल के दूसरे दिन पाकिस्तान की टीम जल्द से जल्द इंग्लैंड की पारी को खत्म करने उतरेगी.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button