Election Results Tamil Nadu: CM विजय की सबसे बड़ी परीक्षा का दिन, फेल होंगे या पास?

Published on 9 अक्टू॰ 2026

Dharapuram By Election Results: तमिलनाडु की धारापुरम और पुडुचेरी की थाटचावडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि सीएम विजय की पार्टी TVK चुनाव जीत पाती है या नहीं। क्योंकि मुख्यमंत्री की सीट पर भी चुनाव हुआ है।

तिरुपुर (तमिलनाडु): तमिलनाडु की धारापुरम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को हुए उपचुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। यह पूरी प्रक्रिया 14 टेबलों पर 23 राउंड में चलेगी। तिरुपुर में पुलिस ने सुरक्षा काफी कड़ी कर दी है और शहर में बैरिकेडिंग लगा दी गई है। वोटों की गिनती शांति से हो सके, इसके लिए एलआरजी गवर्नमेंट आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज फॉर विमेन को भारी सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

CM विजय की सीट पर कौन कौन दे रहा टक्कर?

इस उपचुनाव में कुल 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें तमिझागा वेत्री कड़गम (TVK) से सत्यभामा, डीएमके (DMK) से सुकन्या, एआईएडीएमके (AIADMK) से भानुमती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) से लक्ष्मणन और नाम तमिझर काची (NTK) से कार्तिका शामिल हैं। इस सीट पर 186 जगहों पर कुल 320 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। यहां कुल 2,23,306 रजिस्टर्ड वोटर हैं, जिनमें से 1,79,214 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह कुल 80.25 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।

कैसा रहा इस सीट का पिछला रिकॉर्ड

पिछले विधानसभा चुनाव में धारापुरम में 89.9 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस हिसाब से उपचुनाव में वोटिंग 9.65 प्रतिशत कम हुई है। वोटिंग कम होने की वजह यह मानी जा रही है कि आम चुनाव के मुकाबले उपचुनाव में लोगों की दिलचस्पी कम होती है। इसके अलावा, दूसरे जिलों में काम करने वाले कई लोग वोट डालने अपने घर नहीं लौटे। हालांकि, राजनीतिक जानकारों का कहना है कि तमिलनाडु के उपचुनावों में आमतौर पर आम चुनाव की तुलना में 5 से 10 प्रतिशत कम वोटिंग होती है।इस लिहाज से देखें तो धारापुरम में 80.25 प्रतिशत वोटिंग को पिछले कई उपचुनावों के मुकाबले काफी अच्छा माना जा रहा है।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस-फोर्स तैनात

गिनती के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए एलआरजी कॉलेज में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें केंद्रीय अर्धसैनिक बल, सशस्त्र रिजर्व पुलिस और स्थानीय पुलिस शामिल हैं। स्ट्रॉन्ग रूम, काउंटिंग सेंटर और कॉलेज कैंपस के आसपास 24 घंटे निगरानी के लिए कुल 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पांच वॉचटावर भी बनाए गए हैं। इसके अलावा, बम निरोधक दस्ता और दमकल गाड़ियों के साथ फायर एंड रेस्क्यू टीम को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। जब तक वोटों की गिनती पूरी नहीं हो जाती और फाइनल नतीजे का आधिकारिक ऐलान नहीं हो जाता, तब तक ये सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी जारी रहेगी।

23 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद घोषित होगा रिजल्ट

धारापुरम सीट का फाइनल रिजल्ट सभी 23 राउंड की गिनती पूरी होने और पोस्टल बैलेट व ईवीएम के वोटों को मिलाने के बाद घोषित किया जाएगा।इसके अलावा, पुडुचेरी की थाटचावडी विधानसभा सीट के लिए भी आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। यहां काउंटिंग सेंटर लासपेट्टई के मोतीलाल नेहरू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज कैंपस में बनाया गया है। सुबह 7 बजे से ही सभी पार्टी सदस्यों, उम्मीदवारों और उनके एजेंटों को पहचान पत्र की जांच और सुरक्षा चेकिंग के बाद अंदर जाने दिया जा रहा है।

11 उम्मीदवार के बीच महामुकाबला

  • यहां 6 अक्टूबर को हुए मतदान में 80.81 प्रतिशत की शानदार वोटिंग दर्ज की गई थी। कुल 26,921 योग्य वोटरों में से 21,756 लोगों ने अपना वोट डाला था। यहां भी पहले पोस्टल वोट गिने जाएंगे और उसके बाद ईवीएम के वोट। सुबह 10 बजे तक नतीजे आने की पूरी संभावना है।
  • इस सीट पर मुख्य मुकाबला ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के अशोक आनंद, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के के. सेतु सेल्वम, कांग्रेस के ई. विनायगम और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के एएम सलीम के बीच है। यहां से कुल 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।