
नितिन गडकरी ने E20 पर क्या कहा?
केंद्र सरकार ने देश में 100% एथेनॉल से चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को मंजूरी देने के लिए नए नियम जारी किए हैं. इसके तहत अब E100 ईंधन से चलने वाले वाहनों को भी अनुमति मिल सकेगी. इस बीच, पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने यानी E20 ईंधन को लेकर हुए विरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बयान दिया है. गडकरी ने E20 के खिलाफ हुए विरोध को पैसे देकर चलाया गया अभियान बताया, जबकि पुरी ने साफ किया कि सरकार की फिलहाल एथेनॉल मिलाने की सीमा 20% से आगे बढ़ाने की कोई योजना नहीं है.
‘E20 के खिलाफ विरोध एक पेड कैंपेन था’
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने के फैसले के खिलाफ हुआ विरोध एक ‘पेड कैंपेन’ था. यानी इसके लिए पैसे देकर अभियान चलाया गया था. उनका यह बयान सरकार की ओर से केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में बदलाव की अधिसूचना जारी किए जाने के एक दिन बाद आया है.
उद्योग संगठन CII के एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि भारत एथेनॉल के इस्तेमाल को बढ़ाकर कच्चे तेल के आयात पर अपनी निर्भरता कम कर सकता है. इससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि तीन महीने पहले E20 ईंधन के खिलाफ काफी हंगामा किया गया था. अब E20 के खिलाफ सारा विरोध खत्म हो गया है. यह एक पेड कैंपेन था.
STORY | Rage over E20 fuel was ‘paid campaign’: Nitin Gadkari
Union Road Transport Minister Nitin Gadkari on Tuesday said the rage over blending 20 per cent ethanol in petrol fuel was a “paid campaign”.
The remark came a day after the government notified changes to the Central Motor Vehicles Rules 1989, allowing flex-fuel vehicles that can run on up to E100 (nearly pure ethanol).
Addressing an event organised by industry body CII, Gadkari further said India can save precious foreign exchange by reducing imports of fossil fuels.
“Three months ago, huge noise (khub haala)) was made against the E20 (20 per cent ethanol-blended petrol) fuel; now rage against E20 fuel is over…It was a paid campaign,” he said.
The minster also said that taking note of complaints on social media about the poor condition of some highway stretches, he reviewed 700-800 projects recently.
“I am not going to compromise on the quality of the highways,” he said.
Gadkari assured that in the next two years, highway users won’t face any inconvenience.
— Press Trust of India (@PTI_News) October 27, 2026
दो साल में हाईवे पर परेशानी खत्म करने का दावा
नितिन गडकरी ने इस दौरान देश के हाईवे की खराब हालत को लेकर मिल रही शिकायतों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हाईवे की खराब हालत को लेकर सामने आई शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है. हाल ही में उन्होंने 700 से 800 परियोजनाओं की समीक्षा की है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह हाईवे की क्वालिटी से कोई समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो साल में हाईवे का इस्तेमाल करने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
‘एथेनॉल ब्लेंडिंग 20% से आगे नहीं बढ़ेगी’
वहीं, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी मंगलवार को एथेनॉल को लेकर सरकार का रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि फिलहाल पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की मौजूदा 20% सीमा को बढ़ाने की कोई योजना नहीं है.
दक्षिण गोवा में आयोजित 29वीं एनर्जी टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन मीट के उद्घाटन के दौरान पुरी ने कहा कि बायोफ्यूल यानी जैव ईंधन को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है. उन्होंने E20 ईंधन के खिलाफ चल रही चर्चा को गलत जानकारी पर आधारित बताया.
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने का लक्ष्य रखा था और फिलहाल इसे इससे आगे बढ़ाने की कोई योजना नहीं है. यह तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘रिसर्च से कमर्शियलाइजेशन तक ऊर्जा नवाचार को गति देना’ विषय पर आयोजित किया गया है. इसका आयोजन केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने दक्षिण गोवा के बेतुल गांव में किया है.
क्या है E20 और E100 ईंधन?
E20 पेट्रोल में 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल होता है. वहीं, E100 लगभग शुद्ध एथेनॉल ईंधन है. E100 पर चलने वाले वाहनों को फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के हिसाब से तैयार किया जाता है, ताकि वे अधिक मात्रा में एथेनॉल वाले ईंधन का इस्तेमाल कर सकें.
सरकार का मकसद एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा देकर विदेशों से कच्चा तेल खरीदने पर होने वाला खर्च कम करना है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है. इससे देश की विदेशी मुद्रा खर्च होती है और चालू खाता घाटे पर भी दबाव पड़ता है.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More