Duleep Trophy Final: केएल राहुल और पडिक्कल की अब वैभव सूर्यवंशी-ईशान किशन से टक्कर, BCCI का बड़ा फैसला

Published on 3 सित॰ 2026

Duleep Trophy Final: केएल राहुल और पडिक्कल की अब वैभव सूर्यवंशी-ईशान किशन से टक्कर, BCCI का बड़ा फैसला

केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल साउथ जोन के लिए खेलेंगे.Image Credit source: PTI

ईशान किशन पहली बार कप्तानी कर रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी पहली बार खेल रहे हैं और साथ ही उप-कप्तानी कर रहे हैं. इसलिए दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल बहुत खास होने जा रहा है. टीम इंडिया के दो धमाकेदार बल्लेबाजों ने ईस्ट जोन को लगातार 2 मैच जिताकर फाइनल में पहुंचाया है. अब खिताब के लिए उन्हें फाइनल में साउथ जोन से भिड़ना है. ये चुनौती पहले से ही आसान नहीं थी और अब BCCI के फैसले के बाद कई गुना बढ़ गई है क्योंकि साउथ की टीम में केएल राहुल समेत 3 स्टार खिलाड़ियों की एंट्री हो गई है.

साउथ के लिए खेलेंगे ये 3 स्टार

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार 6 सितंबर से दलीप ट्रॉफी का फाइनल शुरू होगा. इस फाइनल में ईस्ट और साउथ जोन आमने-सामने होंगे. दोनों ही टीमों ने अपने सेमीफाइनल मैच दमदार अंदाज में जीते. ऐसे में मुकाबला रोमांचक और कड़ी टक्कर वाला होने की उम्मीद है. मगर जहां पहले से ही मजबूत ईस्ट जोन उसी टीम के साथ उतरती हुई दिख सकती है, वहीं तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन की ताकत बढ़ गई है क्योंकि टीम इंडिया के 3 खिलाड़ी इस फाइनल में उतरेंगे.

BCCI के स्टार खिलाड़ियों को भी घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेने के आदेश का असर है कि इस फाइनल के लिए साउथ जोन के स्क्वॉड में केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज को शामिल कर लिया गया है. ये तीनों ही खिलाड़ी हाल ही में श्रीलंका दौरे से लौटे हैं, जहां तीनों ने सीरीज के दोनों टेस्ट मैच खेले थे और भारतीय टीम ने 1-0 से सीरीज जीती थी. इसमें भी पडिक्कल की मौजूदगी से साउथ की ताकत बढ़नी तय है क्योंकि वो बेहतरीन फॉर्म में हैं और श्रीलंका में लगातार 2 शतक जमाकर खुद को साबित कर चुके हैं.

इसलिए बढ़ेगी साउथ जोन की ताकत

साउथ जोन के लिए ये इसलिए भी अहम है क्योंकि टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने सेमीफाइनल में अपनी दमदार बल्लेबाजी से पहले ही ईस्ट के लिए चेतावनी जारी कर दी है. उन्होंने सेमीफाइनल मैच की एक पारी में शतक और दूसरी में नाबाद अर्धशतक जमाया था. ऐसे में टॉप ऑर्डर में 2 दमदार बल्लेबाजों की मौजूदगी से बैटिंग लाइन-अप मजबूत ही होगी. मगर सबसे बड़ी खबर सिराज की मौजूदगी है. टीम के पास बॉलिंग में ऐसा अनुभवी तेज गेंदबाज आने वाला है जो नई गेंद के साथ ही पुरानी गेंद से भी बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बन सकता है. ईस्ट के पास पहले ही मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार के रूप में 2 टेस्ट गेंदबाज हैं. अब उनकी टक्कर के लिए साउथ को सिराज मिल गए हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button