कितने चालान के बाद कैंसिल हो जाता है ड्राइविंग लाइसेंस, क्या है नियम?

Published on 3 अग॰ 2026

Driving License Cancellation Rule: चालान कटते रहना और भरते रहना, बहुत से लोगों के लिए यह एक आदत बन चुकी है. हालांकि, अब यह लापरवाही ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी. ऐसा करने पर सिर्फ जेब पर ही नहीं, सीधे ड्राइविंग लाइसेंस पर भी भारी पड़ सकती है. साल 2026 से लागू हुए नए नियम के मुताबिक, बार बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस अब सीधे रद्द किया जा सकता है.

पांच चालान के बाद हो सकती है कार्रवाई

केंद्रीय मोटर व्हीकल एक्ट के नए नियम के तहत, अगर कोई ड्राइवर 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच एक साल के भीतर पांच या उससे ज्यादा बार ट्रैफिक नियम तोड़ता है, तो इसे गंभीर उल्लंघन माना जाएगा. इतने चालान कटने के बाद ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट सीधे लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई कर सकता है. हालांकि, लाइसेंस पर कार्रवाई का अंतिम फैसला रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस करेगा और चालक को अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: Hyundai का फेस्टिव धमाका, आएंगी 2 नई SUV

आधार ने बदल दिया पूरा सिस्टम

अब तक बहुत से ड्राइवर अलग-अलग शहरों में चालान कटवाकर आसानी से बच निकलते थे, लेकिन अब यह मुमकिन नहीं रहा. ड्राइविंग लाइसेंस अब आधार से लिंक है, इसलिए देश के किसी भी कोने में नियम तोड़ने पर उसका रिकॉर्ड तुरंत आपकी प्रोफाइल में जुड़ जाता है. ई-चालान सिस्टम अब पूरी तरह वाहन और सारथी पोर्टल से इंटीग्रेट हो चुका है, यानी हर उल्लंघन का हिसाब एक ही जगह जमा होता रहता है.

AI कैमरे रख रहे हैं चौबीसों घंटे नजर

अब चालान कटने के लिए मौके पर पुलिसकर्मी का होना भी जरूरी नहीं रहा. एआई आधारित कैमरे लगातार सड़कों पर नजर रखते हैं और बिना किसी इंसानी दखल के अपने आप चालान जनरेट कर देते हैं. यानी  कोई देख नहीं रहा वाली पुरानी सोच अब काम नहीं आएगी.

गलती करने वालों पर है सरकार की नजर

आंकड़े बताते हैं कि करीब 70 फीसदी ट्रैफिक उल्लंघन उन्हीं 20 फीसदी ड्राइवरों की वजह से होते हैं, जो बार-बार नियम तोड़ते हैं और सिर्फ जुर्माना भरकर फिर वही गलती दोहराते रहते हैं. सरकार का मानना है कि जब तक लोगों को लाइसेंस खोने का डर नहीं होगा, तब तक सड़क पर अनुशासन नहीं आएगा, यही सोच इस नए नियम के पीछे की मुख्य वजह है.

गाड़ी चलाई तो होगा भारी जुर्माना

अगर कोई व्यक्ति लाइसेंस रद्द होने के बावजूद गाड़ी चलाता पकड़ा जाता है, तो मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2019 के तहत उस पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. इसलिए अब समय रहते चालान का भरना और ट्रैफिक नियमों का पालन करना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है.

यह भी पढ़ें: Flooded Road Driving Tips: कितने पानी में निकल जाएगी कार, कितने पर बंद कर देना चाहिए इंजन?