DRDO Internship 2026: डीआरडीओ में बिना परीक्षा इंटर्नशिप का मौका, कितना स्टाइपेंड मिलेगा?

Published on 20 अक्टू॰ 2026

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के ग्वालियर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (DRDE) ने पेड इंटर्नशिप 2026 के लिए आवेदन मांगे हैं. इस प्रोग्राम के तहत कुल आठ पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. खास बात यह है कि इसके लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी. चयनित छात्रों को छह महीने तक इंटर्नशिप करने का मौका मिलेगा और हर महीने 5,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार 14 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

DRDO की इस इंटर्नशिप में बायोलॉजी, केमिस्ट्री और इंजीनियरिंग के छात्रों को अवसर मिलेगा. पदों की जानकारी इस प्रकार है.

  • बायोलॉजी: 3 पद
  • केमिस्ट्री: 3 पद
  • इंजीनियरिंग: 2 पद

बायोलॉजी में बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी, टॉक्सिकोलॉजी और इम्यूनोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं. इंजीनियरिंग के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर साइंस के स्टूडेंट आवेदन कर सकते हैं.

कौन कर सकता है आवेदन?

बायोलॉजी और केमिस्ट्री में MSc या समकक्ष डिग्री कर रहे विद्यार्थियों का तीसरे या चौथे सेमेस्टर में होना जरूरी है. वहीं, संबंधित इंजीनियरिंग विषयों में BE/BTech करने वाले छात्र सातवें या आठवें सेमेस्टर में होने चाहिए. आवेदक की आयु 14 नवंबर 2026 तक 28 वर्ष से कम होनी चाहिए.

हर महीने मिलेगा कितना मिलेगी स्टाइपेंड?

इंटर्नशिप की अवधि छह महीने होगी. इस दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 5,000 रुपये मिलेंगे. यानी पूरे प्रोग्राम में कुल 30,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. छात्रों को वरिष्ठ DRDO अधिकारियों के साथ अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर काम करने और व्यावहारिक एक्सपीरियंस हासिल करने का अवसर मिलेगा.

बिना लिखित परीक्षा होगा चयन

इस इंटर्नशिप के लिए लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. उम्मीदवारों की एलिजिबिलिटी और आवेदन में दी गई जानकारी के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी होगी. जरूरत पड़ने पर टेलीफोन या वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इंटरव्यू लिया जा सकता है. केवल चयनित उम्मीदवारों को प्रस्ताव पत्र भेजा जाएगा.

कैसे करें आवेदन?

उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकालना होगा. फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, एजुकेशनल क्वालिफिकेशन, विषय कोड और इंटर्नशिप से जुड़ी जानकारी भरनी होगी. इसके साथ पासपोर्ट साइज फोटो, प्रायोजन पत्र, डिटेल रिज्यूमे, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की डिटेल और जरूरी दस्तावेजों की सेल्फ वेरिफाइड कॉपियां लगानी होंगी. भरा हुआ आवेदन निदेशक, DRDE, DRDO, रक्षा मंत्रालय, झांसी रोड, ग्वालियर, मध्य प्रदेश, पिन कोड 474002 पर डाक से भेजना होगा. आवेदन की स्कैन कॉपी [email protected] और [email protected] पर ईमेल भी की जा सकती है.

जरूरी तारीखें

  • अप्लाई करना की लास्ट डेट: 14 नवंबर 2026
  • चयनित उम्मीदवारों को सूचना: 1 दिसंबर 2026
  • इंटर्नशिप शुरू होने की तारीख: 1 जनवरी 2027

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button