भारत ने रक्षा क्षेत्र में सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी के मामले में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. DRDO ने अगली पीढ़ी के रडार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम में इस्तेमाल के लिए स्वदेशी GaN (गैलियम नाइट्राइड) टेक्नोलॉजी विकसित की है.
रक्षा मंत्रालय की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, DRDO ने X-बैंड में काम करने में सक्षम GaN-आधारित MMIC टेक्नोलॉजी को सफलतापूर्वक विकसित और टेस्ट किया है. खास बात यह है कि सिर्फ 3.5×3 मिलीमीटर आकार की एक स्वदेशी GaN चिप 30 वॉट तक की पावर दे सकती है. इसकी काम करने की क्षमता पारंपरिक सिलिकॉन टेक्नोलॉजी की तुलना में लगभग 300 गुना ज्यादा बताई गई है.
इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल रडार, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर जैमर, कम्युनिकेशन सिस्टम, सर्विलांस इक्विपमेंट और ड्रोन सिस्टम में किया जा सकता है. इस काम में DRDO की सॉलिड स्टेट फिजिक्स लेबोरेटरी (SSPL) ने अहम भूमिका निभाई है. लेबोरेटरी ने सिलिकॉन कार्बाइड (SiC) वेफर्स बनाने की स्वदेशी प्रक्रिया भी विकसित की है.
GaN और SiC टेक्नोलॉजी रक्षा उपकरणों के आकार और वजन को कम करने के साथ-साथ उनकी पावर और परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने में मदद करेंगी.
विदेशी स्रोतों पर निर्भरता में कमी
अब तक, भारत GaN जैसे एडवांस्ड कंपोनेंट्स के लिए काफी हद तक दूसरे देशों पर निर्भर रहा है. कई देशों ने इस टेक्नोलॉजी के एक्सपोर्ट पर पाबंदियां लगा रखी हैं. अब भारत तेजी से इस टेक्नोलॉजी को देश में ही विकसित करने और बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. DRDO ने इस तकनीक का इस्तेमाल एक्स बैंड तक के रडार और अन्य प्रणालियों के लिए सफलतापूर्वक करके दिखाया है. इसके अलावा कम शोर में संकेत पकड़ने और मजबूत संकेत भेजने वाले उपकरण भी देश में ही बनाए गए हैं.
GaN सेमीकंडक्टर विकसित करने के लिए समझौता
एडवांस्ड GaN सेमीकंडक्टर विकसित करने के लिए iDEX पहल के तहत Agnit Semiconductors के साथ भी एक समझौता किया गया है. इस उपलब्धि को ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी सेमीकंडक्टर क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

अंजू निर्वाण
अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.
Read More