Donald Trump: 'उन्हें मुझसे ज्यादा बच्चे पसंद’, प्रेस सेक्रेटरी लेविट के इस्तीफे पर ये क्या बोल गए ट्रंप?

Published on 17 अग॰ 2026

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट जल्द ही अपने पद से हटने वाली हैं। इसी बीच जब पत्रकार मैकएडम्स ने ट्रंप से पूछा कि क्या लेविट की जगह किसी और को लाया जा सकता है, तो ट्रंप ने उनका खुलकर बचाव किया। उन्होंने कहा कि लेविट की जगह लेना आसान नहीं होगा। इसके साथ ही उनकी तारीफ करते हुए मजाकिया अंदाज में उनके इस्तीफे पर भी टिप्पणी की।



राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा? 


ट्रंप ने कहा, 'मुझे पता चला है कि कैरोलिन लेविट ट्रंप से ज्यादा अपने बच्चों को पसंद करती हैं। मुझे इस बात की बहुत चिंता है।' उन्होंने लेविट के अपने दो छोटे बच्चों को प्राथमिकता देने के फैसले का जिक्र करते हुए यह बात कही।

विज्ञापन

ट्रंप ने पत्रकार से क्या सवाल पूछा? 
जब मैकएडम्स ने पूछा कि लेविट के जाने के बाद ब्रीफ्रिंग रूम के पोडियम पर कौन आएगा, तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने वही सवाल पत्रकार से ही पूछ लिया। ट्रंप ने मैकएडम्स से पूछा, 'आप?' उन्होंने आगे कहा, 'आपके बारे में क्या ख्याल है?'  इसके बाद ट्रंप ने मैकएडम्स के ब्रॉडकास्टिंग के काम की और तारीफ करने से पहले, पास ही खड़ी लीविट की प्रतिक्रिया जानी।

विज्ञापन

ट्रंप ने उनसे कहा, 'मैं हमेशा से आपको पसंद करता रहा हूं।' इसके साथ ही यह भी कहा कि वह अपनी भूमिका बखूबी निभा रही हैं। इस बातचीत ने लोगों का ध्यान खींचा क्योंकि ट्रंप ने अभी तक लेविट की जगह लेने वाले का आधिकारिक तौर पर एलान नहीं किया है।


लेविट ने क्या कहा? 


लेविट ने इस हफ्ते की शुरुआत में पुष्टि की थी कि वह अगस्त के आखिर में अपना पद छोड़ देंगी ताकि अपने परिवार के साथ ज्यादा ममय बिता सकें। बच्चों की परवरिश और इस मुश्किल काम के बीच संतुलन बनाने की चुनौतियों का जिक्र करते हुए, उन्होंने अपनी मां के तौर पर जिम्मेदारियों पर ध्यान देने की इच्छा जताई।

ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से उनके इस फैसले का समर्थन किया है। इसके साथ ही साफ किया कि व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद वह एक अहम बाहरी सलाहकार की भूमिका संभालेंगी।

लेविट ने पद क्यों छोड़ा? 
लेविट ने 1 मई को अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया था। अपनी मैटरनिटी लीव पूरी करने के बाद 16 जुलाई को ब्रीफिंग की जिम्मेदारियों पर लौटीं। हालांकि, उन्होंने इससे पहले ही कुछ चुनिंदा जिम्मेदारियां संभालना शुरू कर दिया था। उनके जाने से ट्रंप के दूसरे प्रशासन के कम्युनिकेशन सेटअप में एक अहम बदलाव आएगा, क्योंकि वह प्रशासन की नीतियों का बचाव करते हुए पोडियम पर एक अहम चेहरा रही हैं।

ऑनलाइन क्या अटकलें लगाई जा रही है? 
इस बीच, उनके इस्तीफे को लेकर ऑनलाइन अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोग इस फैसले को तुर्की से ट्रंप के जाने के दौरान हुई सुरक्षा से जुड़ी एक घटना से जोड़कर देख रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने उनके जाने को अंकारा में 8 जुलाई को हुई एक घटना से जोड़ा है। दूतावास का आरोप है कि सुरक्षा ख़तरे के कारण ट्रंप दूसरे विमान में चले गए और लीविट को पीछे छोड़ दिया।

व्हाइट हाउस ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि लीविट उस विमान में सवार नहीं थीं। ट्रंप ने बताया कि ईरान से जुड़े एक गंभीर खतरे का पता चलने के बाद मिलिट्री और सुरक्षा कर्मियों ने विमान बदलने की सलाह दी थी।

लेविट ने कहा है कि उनके इस्तीफे की एकमात्र वजह उनका परिवार है। ट्रंप ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए फिर कहा कि वह बाहरी सलाहकार के तौर पर उनके राजनीतिक दायरे में सक्रिय रहेंगी। व्हाइट हाउस ने अभी तक उनकी जगह लेने वाले किसी व्यक्ति के नाम की पुष्टि नहीं की है।