Diwali-Chhath Special Buses: परदेश से बिहार आने वालों की मौज, दिल्ली-यूपी समेत 4 राज्यों के लिए दौड़ेंगी 149 बसें; देखें रूट - Haribhoomi

Published on 11 सित॰ 2026

दिवाली और छठ पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी। दिल्ली, यूपी समेत 4 राज्यों के लिए चलेंगी 149 नई बसें, जानिए कब से शुरू होगी सुविधा।

Diwali Chhath special buses

दीपावली और छठ जैसे महापर्वों के दौरान घर लौटने वाले प्रवासियों के लिए दिल्ली, यूपी समेत 4 राज्यों के लिए चलेंगी 149 नई बसें।

  • Published: 11 Sep 2026, 12:54 PM IST
  • Last Updated: 11 Sep 2026, 12:54 PM IST

Diwali-Chhath Special Buses: दीपावली और छठ जैसे महापर्वों के दौरान घर लौटने वाले प्रवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। त्योहारी सीजन में होने वाली भारी भीड़ और टिकट की मारामारी से राहत दिलाने के लिए चार प्रमुख राज्यों- हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच अंतरराज्यीय बसों का संचालन किया जाएगा।

इस महीने के अंत तक इस विशेष सेवा की शुरुआत हो जाएगी। कुल 149 बसों के इस बेड़े में 75 एसी और 74 नॉन-एसी बसें शामिल होंगी, जो यात्रियों को सुगम सफर का विकल्प देंगी।

विभिन्न जिलों के डिपो को सौंपी गईं बसें
टाटा कंपनी के साथ हुए बस आपूर्ति अनुबंध के तहत बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) को अब तक 50 बसें मिल चुकी हैं। इनमें से 19 बसें अकेले पटना डिपो को आवंटित की गई हैं, जबकि शेष 39 बसें मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा डिपो के बेड़े में भेजी जा चुकी हैं। इन नए वाहनों के आने से राज्य के विभिन्न हिस्सों से दूसरे राज्यों के लिए कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।

रूट निर्धारण और परमिट की प्रक्रिया हुई शुरू
बसों की उपलब्धता के बाद अब उनके सुचारू संचालन के लिए रूट चार्ट और परमिट तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उत्तर प्रदेश के साथ राज्य सरकार का अंतरराज्यीय बस समझौता पहले से होने के कारण गाजियाबाद तक बसों के आवागमन की अनुमति प्राप्त है। इसके तहत पटना से बनारस, लखनऊ और अयोध्या के रास्ते गाजियाबाद तक बसें चलाई जाएंगी। हालांकि, पटना आरटीओ से परमिट मिलने के बाद गाजियाबाद आरटीओ द्वारा उसका काउंटर साइन किया जाना अनिवार्य है, जिसके बाद ही बसों का नियमित परिचालन शुरू हो पाएगा।

इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के कोलकाता और सिलीगुड़ी तथा हरियाणा के अंबाला एवं गुरुग्राम के लिए भी परमिट और रूट निर्धारण की प्रक्रिया जारी है।

दिल्ली रूट को लेकर समझौते की तैयारी
दिल्ली के साथ भी परिवहन समझौते को अंतिम रूप देने का प्रयास चल रहा है, जिसके इस महीने के अंत तक पूरा होने की पूरी संभावना है। समझौते के बाद परमिट निर्माण की प्रक्रिया पूरी होगी और आगामी दशहरा से पहले दिल्ली के लिए भी निगम की सीधी बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।

बीएसआरटीसी के विभिन्न डिपो से संचालित होने वाली इन बसों में सबसे अधिक संख्या दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर रूट के लिए होगी। अकेले पटना से 40 बसें चलाई जाएंगी, जिनमें दिल्ली के लिए शुरू होने वाली बसें प्रमुख हैं। वर्तमान में निजी बसें सीधे परमिट न होने के कारण गाजियाबाद तक ही संचालित होती हैं।

पीएम ई-बस योजना के तहत पटना को मिलेंगी 25 और नई बसें
प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अगले सप्ताह बिहार राज्य पथ परिवहन निगम को 25 और आधुनिक बसें मिलने वाली हैं। इन नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से पटना शहर में सिटी बसों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत 25 ई-बसें पहले से ही राजधानी की सड़कों पर दौड़ रही हैं, जबकि अशोक लीलैंड कंपनी के साथ अनुबंध के तहत भी 25 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन पहले से किया जा रहा है।

एम्स, दानापुर और बिहटा रूट पर होगा नया संचालन
अगले सप्ताह मिलने वाली इन 25 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रमुख रूप से एम्स, दानापुर और बिहटा रूट पर किया जाएगा। तय योजना के मुताबिक, इनमें से 10 बसें गांधी मैदान से पटना जंक्शन और फुलवारीशरीफ के रास्ते एम्स तक जाएंगी, जबकि अन्य 10 बसें गांधी मैदान से जंक्शन और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर तक चलाई जाएंगी।

इसके अलावा, 5 बसें गांधी मैदान से पटना जंक्शन, सगुना मोड़ और दानापुर के रास्ते सीधे बिहटा तक का सफर तय करेंगी। इन बसों के पहुंचते ही पहले इनका रजिस्ट्रेशन और परमिट बनेगा, जिसके बाद ट्रायल पूरा कर इस महीने के अंत तक इन्हें सड़कों पर उतार दिया जाएगा।