Dhar Car Accident: कंटेनर ट्रक ने वैन को मारी जोरदार टक्कर, 6 की मौके पर मौत, कार काटकर निकाले गए शव

Published on 9 अग॰ 2026

Time Updated: Sunday, August 9, 2026, 17:59 [IST]

Dhar Car Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार (9 अगस्त) दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। बदनावर के पास उज्जैन फोरलेन पर एक कंटेनर ट्रक और मारुति ईको वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गई। उसमें सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वैन में फंसे शवों को निकालने के लिए गाड़ी की बॉडी ग्राइंडर से काटनी पड़ी।

पुलिस के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 1.30 बजे बदनावर शहर से लगभग 4 किलोमीटर दूर पंचकवास गांव के पास हुआ। मृतक गुजरात के वडोदरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी लोग उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद गुजरात लौट रहे थे।

dhar-accident-container-truck-hit-maruti-eeco-van

Dhar Accident Reason: कैसे हुआ धार में भीषण हादसा?

पुलिस की जांच के मुताबिक, कंटेनर ट्रक उज्जैन की तरफ से आ रहा था, जबकि मारुति ईको वैन गुजरात की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच से पता चलता है कि ट्रॉला कथित तौर पर गलत दिशा में आ रहा था। इसी दौरान वह सामने से आ रही वैन से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त वैन में छह लोग सवार थे। सभी लोग वाहन के अंदर ही फंस गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में बदनावर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

कार को काटकर निकाले गए शव

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद वैन इतनी बुरी तरह पिचक गई थी कि उसके दरवाजे सामान्य तरीके से नहीं खुल पा रहे थे। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शवों को निकालने के लिए गाड़ी के हिस्से को ग्राइंडर से काटा गया। इसके बाद एक-एक कर शवों को बाहर निकाला गया।

उज्जैन से दर्शन कर लौट रहे थे सभी मृतक

पुलिस के अनुसार, मृतक गुजरात के वडोदरा के रहने वाले थे। वे उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य विवरणों की पुलिस स्तर पर पुष्टि की जा रही है। सभी शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया।

दबोचा गया फरार ट्रक ड्राइवर

पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल कंटेनर ट्रक का नंबर GJ39 DB 9248 है। बताया गया है कि ट्रक में लोहे का सामान लदा हुआ था। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त मारुति ईको वैन का नंबर GJ17 CK 6134 बताया गया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक के मौके से भागने की बात भी सामने आई। हालांकि, पुलिस ने बाद में चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना के समय ट्रक किस दिशा में था और क्या वह वास्तव में गलत साइड से आ रहा था।

पुलिस जांच में सामने आएगा हादसे का असली कारण

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच करेगी कि ट्रक की रफ्तार कितनी थी, वह किस लेन में चल रहा था और टक्कर से ठीक पहले दोनों वाहनों की स्थिति क्या थी।

हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया। एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और सभी पीड़ित गुजरात के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।