Dhanbad: विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर धनबाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में कंगारू मदर केयर (Kangaroo Mother Care-KMC) यूनिट की शुरुआत की है. उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से कम वजन और समय से पहले जन्मे नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है.
इस अवसर पर निरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विश्व स्तनपान दिवस के दिन जन्म लेने वाले सभी नवजात शिशुओं और उनकी माताओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क बेबी किट दी गई. किट में शिशु की देखभाल के लिए तौलिया, नवजात के कपड़े, साबुन, सैनिटाइजर तथा अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी. इस पहल को लेकर प्रसूता माताओं में उत्साह देखा गया.
इसे भी पढ़ें:


कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने कंगारू मदर केयर (KMC) की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह तकनीक विशेष रूप से कम वजन (Low Birth Weight) और समय से पूर्व (Premature) जन्मे शिशुओं के लिए अत्यंत लाभकारी मानी जाती है. इस पद्धति में मां या परिवार का कोई सदस्य नवजात को अपने सीने से लगाकर त्वचा से त्वचा (Skin-to-Skin Contact) का संपर्क बनाए रखता है. जिससे शिशु के शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है, वजन बढ़ने में मदद मिलती है, संक्रमण का खतरा कम होता है और मानसिक एवं शारीरिक विकास बेहतर होता है.
विश्व स्तनपान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने सभी माताओं से जन्म के पहले एक घंटे के भीतर नवजात को पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) पिलाने और जन्म के बाद शुरुआती छह माह तक केवल स्तनपान कराने की अपील की. उन्होंने बताया कि मां का पहला दूध शिशु के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच का काम करता है और उसे कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करता है.
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 1 अगस्त से 7 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में स्तनपान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. साथ ही नवजात शिशुओं की देखभाल और माताओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा.
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि कंगारू मदर केयर यूनिट की शुरुआत और स्तनपान को बढ़ावा देने की यह पहल जिले में शिशु मृत्यु दर (IMR) कम करने तथा मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें