पेंड्रा जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संविदा शिक्षक अमित शर्मा को नाबालिग छात्रा को बंधक बनाने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
अपहरण का आरोपी शिक्षक अमित शर्मा
- Published: 22 Jul 2026, 04:42 PM IST
- Last Updated: 22 Jul 2026, 06:11 PM IST
आकाश पवार- पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पेण्ड्रा से बड़ी खबर सामने आई है। नाबालिग छात्रा को बंधक बनाने के आरोप में घिरे संस्कृत विषय के संविदा शिक्षक अमित शर्मा को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर के अनुमोदन के बाद यह कार्रवाई की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे और भी धाराएं जोड़ने की बात भी सामने आ रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया बर्खास्तगी आदेश
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पेण्ड्रा में पदस्थ संस्कृत विषय के संविदा शिक्षक अमित शर्मा को विभाग ने तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि, आरोपी शिक्षक का आचरण शिक्षकीय गरिमा के विपरीत है और उसने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन किया है।

शिकायत के बाद शिक्षक पर दर्ज हुआ मामला
आरोप है कि, शिक्षक ने एक नाबालिग छात्रा को स्कूल छोड़ने का झांसा देकर अपने विंदेश्वरी पुरम स्थित घर ले जाकर करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पेण्ड्रा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पेंड्रा जिले में सरकारी स्कूल का शिक्षक छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। @GPM_DIST_CG #Chhattisgarh @SchoolEduCgGov #teacher @GpmPolice pic.twitter.com/woMGXD2uW8
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 20, 2026
अब पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि, पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। जानकारी के मुताबिक, पिछले शैक्षणिक सत्र में भी आरोपी शिक्षक के व्यवहार को लेकर परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन से शिकायत की थी और उसे चेतावनी भी दी गई थी।
आगे बढ़ सकती हैं कानूनी धाराएं
घटना के बाद शिक्षक संगठनों, पालकों और विद्यालय स्टाफ में भारी आक्रोश है। सभी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, आरोपी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी गंभीर धाराएं जुड़ सकती हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)