Delhi-NCR Heavy Rain: बारिश ने बेहाल किया जनजीवन, 12 उड़ानें डायवर्ट, सड़कों पर भरा 3 फीट तक पानी!

Published on 24 अग॰ 2026

Time Updated: Monday, August 24, 2026, 15:32 [IST]

Delhi-NCR Heavy Rain: दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह से हो रही तेज बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कुछ ही घंटों की बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसका असर सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। दिल्ली एयरपोर्ट से अब तक 14 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया है।

इनमें 2 इंटरनेशनल फ्लाइट भी शामिल हैं। 12 उड़ानों को दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट भेजा गया है। वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में आगे भी बारिश की संभावना जताई है। कई जगहों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में यात्रियों और सड़क से सफर करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Delhi-NCR Heavy Rain

दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों पर असर

भारी बारिश और खराब मौसम का असर दिल्ली एयरपोर्ट से आने-जाने वाली उड़ानों पर पड़ा है। अब तक कुल 14 फ्लाइट डायवर्ट की गई हैं। इनमें 2 इंटरनेशनल उड़ानें हैं, जबकि 12 उड़ानों को जयपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

ये भी पढ़ें: अगस्त के आखिरी सप्ताह में छुट्टीयों की भरमार! रक्षाबंधन पर कितने दिन बंद रहेंगे स्कूल? देखें पुरी लिस्ट

स्पाइसजेट, एयर इंडिया, इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने खराब मौसम को लेकर यात्रियों को अलर्ट किया है। एयरलाइंस ने बताया है कि मौसम की वजह से आगे की उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें। इससे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।

दिल्ली की सड़कों पर लंबा जाम

भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव ने ट्रैफिक की रफ्तार रोक दी। संगम विहार के पास एमबी रोड पर काफी लंबा जाम देखा गया। वायुसेनाबाद और संगम विहार के बीच भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। बताया गया कि कई लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। इसका असर दिल्ली एयरपोर्ट, ऑफिस और साकेत कोर्ट की ओर जाने वाले लोगों पर भी पड़ा। वही संगम विहार के अंदर के इलाकों में घुटने तक और कहीं-कहीं कमर तक पानी भर गया था। दिल्ली के और भी इलाकों में जलभराव हो गया।

नोएडा में भी थमी गाड़ियों की रफ्तार

नोएडा में नेशनल हाईवे-9 पर भी बारिश का असर देखने को मिला। हिंडन नदी के पास छिजारसी कट पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया। बारिश और सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक के कारण लोगों को काफी समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

गुरुग्राम में 2-3 फीट तक पानी

गुरुग्राम में भी तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। कुछ इलाकों में पानी दो से तीन फीट तक पहुंच गया, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, सोहना रोड, ओल्ड दिल्ली रोड और रेलवे रोड पर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। राजीव चौक अंडरपास और फ्लाईओवर के आसपास भी वाहन चालक करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो घंटों में दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ इलाकों में हल्की आंधी और बिजली चमकने की भी संभावना है। दिल्ली-एनसीआर के अलावा झज्जर, फरुखनगर, सोहना, रेवाड़ी, पलवल, बावल, नूंह और हरियाणा के औरंगाबाद में भी बारिश का अनुमान है। राजस्थान के भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, कोटपूतली और अलवर में भी हल्की आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ इलाकों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट और मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, आंधी और बिजली कड़कने की भी संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश, 10 से अधिक राज्यों में मानसून ढाएगा कहर, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम?