Delhi MCD: दिल्ली नगर निगम में 187 नई नियुक्तियां, सीएम रेखा गुप्ता ने बांटे नियुक्ति लेटर, मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल भी लॉन्च
Delhi MCD: दिल्ली नगर निगम में काफी लंबे वक्त से खाली पड़े पदों पर नियुक्तियों को अब गति मिलने लगी है। सीएम रेखा गुप्ता ने आज 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति लेटर दिए हैं।
दिल्ली नगर निगम में 187 नई नियुक्तियां।
- Published: 08 Aug 2026, 05:38 PM IST
- Last Updated: 08 Aug 2026, 05:38 PM IST
Delhi MCD: दिल्ली नगर निगम (MCD) में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को अब गति मिलने लगी है। शनिवार को सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति लेटर दिए गए हैं। इनमें 17 स्पेशल एजुकेटर भी शामिल हैं। इसी कार्यक्रम में निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और निगरानी के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवनियुक्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम सीधे तौर पर नागरिकों की रोजमर्रा की सुविधाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पर्याप्त और सक्षम मानव संसाधन निगम की कार्यक्षमता के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि निगम को आधुनिक तकनीक, बेहतर आधारभूत ढांचे, पर्याप्त कर्मचारियों और जरूरी वित्तीय सहयोग के जरिए मजबूत किया जा रहा है। निगम के मजबूत होने से दिल्लीवासियों को बेहतर और समयबद्ध नागरिक सेवाएं उपलब्ध होंगी।
ईमानदारी और समर्पण से काम करने की अपील
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि निगम में नौकरी केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि दिल्लीवासियों की सेवा करने की जिम्मेदारी भी है।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि 187 नियुक्तियां 187 परिवारों के लिए नई उम्मीद, स्थायित्व और सम्मान लेकर आई हैं। उन्होंने बताया कि 49 नियुक्तियों में 31 महिलाएं शामिल हैं, जो नारी सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा 92 एमटीएस कर्मचारियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
आज नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी 170 युवाओं और उनके माता-पिता को बहुत-बहुत बधाई! वर्षों की मेहनत, परिवार की उम्मीदें और सरकारी नौकरी का सपना आज नियुक्ति पत्र बनकर इन युवाओं के हाथों में है। हमारी सरकार ने उस पुराने इंतजार को खत्म किया है, जहां पद खाली रहते थे और योग्य युवा नियुक्ति… pic.twitter.com/ph71itIisQ
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 8, 2026
268 अन्य नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ी
महापौर के अनुसार निगम में 268 अन्य नियुक्तियों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है, जबकि 168 पदों के लिए दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) को अधियाचन भेजा गया है। इन नियुक्तियों से निगम के मानव संसाधन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
समारोह में निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। निगम आयुक्त ने कहा कि अस्पतालों के इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल के माध्यम से निगम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और निगरानी को अधिक व्यवस्थित किया जाएगा।