Delhi Crime News: होटल के कमरे में क्या हुआ था? युवती की मिली लाश, प्रेमी ने खाया था जहर

Published on 3 सित॰ 2026

Delhi Crime News: होटल के कमरे में क्या हुआ था? युवती की मिली लाश, प्रेमी ने खाया था जहर

होटल में जांच करने पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम.

Delhi Crime News: दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में स्थित एक होटल में युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. होटल के कमरे में एक 28 वर्षीय युवती खून से लथपथ मिली. आरोप है कि उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी युवक ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. घटना के बाद होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया. वहीं आरोपी युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

होटल के कमरे में मिले युवक और युवती

पुलिस के अनुसार, मृतक युवती की पहचान शिवानी के रूप में हुई है, जो बिहार की रहने वाली थी. वहीं, आरोपी युवक की पहचान 29 वर्षीय प्रकाश सिंह के रूप में हुई है. वह राजस्थान का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार को दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में स्थित होटल प्रिंस पहुंचे थे. दोनों ने होटल में एक कमरा लिया था.

ये भी पढ़ें- कनॉट प्लेस का इनर सर्किल होगा ट्रैफिक फ्री? NDMC ने जनता से मांगी राय

होटल स्टाफ को हुआ शक

कुछ समय बाद होटल के कर्मचारियों को कमरे के अंदर की स्थिति को लेकर संदेह हुआ. इसके बाद स्टाफ ने कमरे में जाकर देखा तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे के अंदर शिवानी खून से लथपथ और घायल अवस्था में पड़ी हुई थी. वहीं, प्रकाश सिंह भी बेसुध हालत में मिला. होटल कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.

अस्पताल में युवती को मृत घोषित किया गया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, प्रकाश सिंह का इलाज शुरू किया गया. पुलिस के अनुसार, युवक ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन वह अभी अस्पताल में भर्ती है.

आरोपी से पूछताछ करेगी पुलिस

पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी युवक के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों के बीच आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ था और युवक ने युवती पर चाकू से हमला क्यों किया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के बाद आरोपी ने आत्महत्या करने की कोशिश क्यों की. फिलहाल पुलिस होटल स्टाफ और मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. पुलिस जांच और आरोपी से पूछताछ के बाद ही इस हत्या के पीछे की पूरी वजह साफ हो सकेगी.

पुनीत कुमार शर्मा

पुनीत कुमार शर्मा

स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट ( क्राइम ) और लेखक। 11 साल से बदस्तूर जारी पत्रकारिता की शुरुआत 2010 में आजतक से बतौर क्राइम रिपोर्टर। 2015 से दिल्ली आजतक में  एंकर की ज़िम्मेदारी भी निभाई। 11 साल लगातार आजतक में रिपोर्टिंग करने के बाद फिलहाल स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट के तौर पर टी वी9 भारतवर्ष में सफ़र जारी। इसके अलावा " अनचाही रिपोर्टिंग, अनचाहा " सफ़र नाम की किताब लिखी.

Read More

google button