दिल्ली में आज से 1,287 फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 25 प्रतिशत तक की भारी छूट - Haribhoomi

Published on 28 अग॰ 2026

DDA Flats: दिल्ली में आज से 1,287 फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 25 प्रतिशत तक की भारी छूट

DDA Flats: दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा आज से ‘नागरिक आवास योजना-2026’ के तहत नरेला में 1,287 नए फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है।

DDA Flats

दिल्ली में आज से फ्लैट की बुकिंग शुरू।

  • Published: 28 Aug 2026, 03:42 PM IST
  • Last Updated: 28 Aug 2026, 03:42 PM IST

DDA Flats: रक्षाबंधन के पर्व पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने राजधानी में अपना आशियाना खरीदने का सपना देख रहे लोगों को बड़ी सौगात दी है। डीडीए ने ‘नागरिक आवास योजना-2026’ के तहत नरेला में 1,287 नए फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। योजना के तहत फ्लैटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।

डीडीए के मुताबिक, इन फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू हुई। योजना में मध्यम आय वर्ग (MIG) और उच्च आय वर्ग (HIG) के परिवारों को लक्षित किया गया है। सभी फ्लैट रेडी-टू-मूव और फ्रीहोल्ड हैं।

पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटन

नरेला के सेक्टर ए-1 से ए-4 के पॉकेट-3 और पॉकेट-4 में ये फ्लैट उपलब्ध कराए गए हैं। योजना के तहत आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह ‘पहले आओ, पहले पाओ’ मॉडल पर आधारित है। यानी पोर्टल पर पहले पंजीकरण कर पसंद का फ्लैट बुक करने वाले आवेदक को प्राथमिकता के आधार पर आवंटन मिलेगा।

डीडीए का कहना है कि इस व्यवस्था से आवेदकों को लंबी प्रतीक्षा सूची और लॉटरी आधारित आवंटन की जटिलता से राहत मिलेगी।

MIG के 790 और HIG के 497 फ्लैट

कुल 1,287 फ्लैटों में 790 फ्लैट MIG श्रेणी के हैं। ये फ्लैट पॉकेट-3 और पॉकेट-4 में स्थित हैं। 25 प्रतिशत की छूट के बाद इनकी अनुमानित कीमत करीब 73.02 लाख रुपये से 81.96 लाख रुपये तक है।

वहीं, HIG श्रेणी के 497 फ्लैट योजना में शामिल किए गए हैं। 25 प्रतिशत की विशेष छूट के बाद इनकी कीमत करीब 96.86 लाख रुपये से शुरू होकर 1.16 करोड़ रुपये तक है।

फ्लैटों पर 25 प्रतिशत की छूट

डीडीए ने योजना के तहत फ्लैटों की कीमत पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट का प्रावधान किया है। हालांकि, फ्लैट की कीमत के अलावा खरीदारों को रखरखाव शुल्क, वाटर कनेक्शन चार्ज और कन्वर्जन शुल्क का भुगतान मांग-सह-आवंटन पत्र जारी होने के समय अलग से करना होगा।

सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड हैं। ऐसे में भविष्य में संपत्ति के मालिकाना हक के हस्तांतरण को लेकर खरीदारों को अतिरिक्त कानूनी औपचारिकताओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मेट्रो और आरआरटीएस से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

डीडीए के मुताबिक, नरेला आने वाले वर्षों में दिल्ली की प्रमुख रिहायशी टाउनशिप के रूप में विकसित हो रहा है। क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन सेक्टर ए-4 से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है, जबकि प्रस्तावित नरेला आरआरटीएस स्टेशन करीब 1.5 किलोमीटर दूर बताया गया है। इसके अलावा यूईआर-1, जीटी करनाल रोड और यूईआर-2 के जरिए नरेला को दिल्ली-एनसीआर के दूसरे हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्र में नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के साथ-साथ उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए भूमि आवंटन भी किया गया है। इससे नरेला के शिक्षा और खेल केंद्र के रूप में विकसित होने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

This Rakshabandhan, gift your family a home where bonds grow stronger.

On public demand, 1,287 additional HIG & MIG flats are being offered in Pockets 3 & 4, Sector A1–A4, Narela under DDA Nagrik Awaas Yojana 2026, with a 25% discount.

Booking starts: 28 August 2026, 12 Noon… pic.twitter.com/QeDInIblk6

— Delhi Development Authority (@official_dda) August 27, 2026

ऐसे कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

फ्लैट खरीदने के इच्छुक आवेदक डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट www.dda.gov.in या आवास पोर्टल eservices.dda.org.in के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण और बुकिंग कर सकते हैं।

डीडीए के अनुसार, जो आवेदक पहले से ही प्राधिकरण की किसी अन्य ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आवास योजना में पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।

लॉटरी से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ तक बदली डीडीए की नीति

डीडीए ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी आवास नीति में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पहले डीडीए की आवास योजनाओं में तैयार फ्लैटों की तुलना में आवेदन काफी अधिक आते थे और आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाता था। इससे बड़ी संख्या में आवेदकों को वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था।

बाद में डीडीए ने अपनी जमीन पर तैयार फ्लैटों की बिक्री के लिए ‘पहले आओ, पहले पाओ’ मॉडल को अपनाना शुरू किया। इसका असर बिक्री के आंकड़ों में भी दिखाई दिया है।

डीडीए के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच प्राधिकरण ने 20,247 फ्लैट बेचे। इसके मुकाबले वित्त वर्ष 2019-20 से 2021-22 के दौरान कुल 6,435 फ्लैटों की बिक्री हुई थी। यानी नई नीति लागू होने के बाद तीन वर्षों में फ्लैटों की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।