Cyber Fraud: जबलपुर में टेलीग्राम के जरिए 37 लाख की साइबर ठगी, पहले मुनाफा दिया फिर बढ़ती गई रकम की मांग - Haribhoomi

Published on 27 अग॰ 2026

जबलपुर में टेलीग्राम के जरिए होटल रेटिंग और घर बैठे कमाई का झांसा देकर युवक से 37.42 लाख रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी की गई। ठगों ने पहले छोटी रकम का मुनाफा देकर भरोसा जीता और बाद में लाखों रुपये अलग-अलग माध्यमों से जमा करवाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर डिजिटल लेनदेन और आरोपियों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।

Cyber Fraud

जबलपुर में टेलीग्राम के जरिए 37 लाख की साइबर ठगी

  • Published: 27 Aug 2026, 09:42 AM IST
  • Last Updated: 27 Aug 2026, 09:42 AM IST

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में घर बैठे ऑनलाइन कमाई का लालच देकर एक युवक से 37 लाख 42 हजार रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने टेलीग्राम के जरिए युवक से संपर्क किया और होटल रेटिंग व निवेश के नाम पर मुनाफे का झांसा दिया। शुरुआत में छोटी रकम का फायदा वापस भेजकर उसका भरोसा जीता गया। इसके बाद  अलग-अलग खातों और माध्यमों से बड़ी रकम जमा कराई गई।

अधारताल पुलिस के अनुसार, अमखेरा निवासी विक्रांत साहू ने शिकायत में बताया कि 8 जनवरी को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर ‘अदिति रियांश’ नाम से मैसेज आया था। इसमें घर बैठे कमाई करने और एक ऐप के जरिए होटलों की रेटिंग करने का काम बताया गया। आरोपियों ने कहा कि रेटिंग के बदले मिलने वाला मुनाफा सीधे बैंक खाते में आएगा। इसके बाद विक्रांत ने दिए गए लिंक के जरिए अपना बैंक अकाउंट जोड़ा और काम शुरू कर दिया।

फायदा मिलने से आरोपियों पर भरोसा
शुरुआत में आरोपियों ने उसे 1,024 रुपये का मुनाफा भेजा। इसके बाद 9 जनवरी को करीब 10 हजार रुपये जमा कराने पर 17,546 रुपये वापस किए गए। अगले दिन 20,960 रुपये जमा कराने के बदले 42,573 रुपये मिले। लगातार फायदा मिलने से विक्रांत को आरोपियों पर भरोसा हो गया।

इसके बाद ठगों ने मुनाफा बढ़ाने, डिपॉजिट और विशेष ऑफर के नाम पर लगातार पैसे मांगना शुरू कर दिया। 11 जनवरी को विक्रांत ने करीब 50 हजार और 1.50 लाख रुपये जमा किए। इसके बाद पत्नी के खाते से 99 हजार रुपये और साथी शुभम विश्वकर्मा के PhonePe से 84,787 रुपये भेजे गए।

अलग-अलग तारीखों में रकम जमा कराने का सिलसिला
13 जनवरी को 3 लाख 16 हजार 310 रुपये नकद, 14 जनवरी को बैंक खाते से 7 लाख रुपये और 15 जनवरी को 10 लाख रुपये RTGS के जरिए भेजे गए। 21 जनवरी को फिर 6 लाख 40 हजार रुपये नकद जमा किए गए। इसके बाद भी अलग-अलग तारीखों में रकम जमा कराने का सिलसिला जारी रहा।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने कुल 37,61,566 रुपये जमा करवाए, जबकि मुनाफे के नाम पर केवल 61,143 रुपये वापस किए। पैसे वापस नहीं मिलने और लगातार नई रकम की मांग होने पर विक्रांत को ठगी का शक हुआ। इसके बाद उसने अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर टीम टेलीग्राम आईडी, मोबाइल नंबर, बैंक खातों और PhonePe लेनदेन की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और ठगी की रकम किन खातों में पहुंची।