राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान। राष्ट्रपति ने नुकेश को राखी बांधी, छात्राओं ने सुवा नृत्य से संस्कृति की झलक दिखाई।
राष्ट्रपति भवन में मौजूद छत्तीसगढ़ के बच्चे
- Published: 06 Sep 2026, 03:33 PM IST
- Last Updated: 06 Sep 2026, 03:33 PM IST
रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में बिताया गया पल जीवनभर की अविस्मरणीय स्मृति बन गया। छत्तीसगढ़ के सात विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति से भेंट एवं संवाद का गौरव प्राप्त हुआ। इस दौरान राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत कर उनकी प्रतिभा, उपलब्धियों और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की सराहना की। कार्यक्रम का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को अपने हाथों से राखी बांधी।
प्रतिभा और संस्कृति से बढ़ाया प्रदेश का मान
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, नई दिल्ली के पत्र क्रमांक D.O. No. 8-19/2024-Coord 31 जुलाई 2026 के संदर्भ में रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के राष्ट्रपति भवन भ्रमण एवं भेंट का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और संस्कृति की विशिष्ट छाप छोड़ी।
राष्ट्रपति के सामने गूंजा छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। राष्ट्रपति ने प्रस्तुति देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं परंपराओं की विशेष सराहना की। विद्यार्थियों के लिए यह अवसर न केवल सम्मान का विषय रहा, बल्कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के समक्ष अपनी प्रतिभा और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का गौरव भी मिला।
इन विद्यार्थियों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान
राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से चयनित विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इनमें राजवती पोयाम (नारायणपुर), हिमांशु ठाकुर (सुकमा), पायल राजानी (दुर्ग), रागनी साहू (महासमुंद), नुकेश कुमार वर्मा (रायपुर), दुर्गेश साहू (महासमुंद) और डिगेश सेन (महासमुंद) शामिल रहे। विद्यार्थियों के साथ डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता भौतिकी, शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे।
मिशन शक्तिसैट और एक्सपोजर विजिट में भी सहभागिता
प्रतिनिधिमंडल के विद्यार्थियों ने मिशन शक्तिसैट एवं एक्सपोजर विजिट से जुड़े कार्यक्रमों में भी सहभागिता की। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नई दिल्ली में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी अनुभव प्राप्त हुए, जिसने उनके आत्मविश्वास और भविष्य की आकांक्षाओं को नई दिशा दी।
सांसद से मुख्यमंत्री तक पहुंचना चाहते हैं बच्चे
राष्ट्रपति से मुलाकात और विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में सहभागिता से उत्साहित विद्यार्थियों ने अब दुर्ग सांसद विजय बघेल के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की इच्छा व्यक्त की है। विद्यार्थियों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से प्रत्यक्ष भेंट कर राष्ट्रपति भवन के अपने अनुभव साझा करना चाहते हैं और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहते हैं।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद अब मुख्यमंत्री से मिलने की आस
विद्यार्थियों की ओर से आग्रह किया गया है कि, इन प्रतिभावान बच्चों को मुख्यमंत्री से प्रत्यक्ष भेंट का अवसर प्रदान किया जाए। उनका मानना है कि मुख्यमंत्री का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत प्रेरणादायी साबित होगा। राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के इन बच्चों की उपस्थिति ने एक बार फिर यह साबित किया कि प्रदेश की प्रतिभा और संस्कृति राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता रखती है। खासकर नुकेश को राष्ट्रपति द्वारा राखी बांधे जाने का भावुक क्षण इन विद्यार्थियों और उनके साथ गए शिक्षकों के लिए सदैव यादगार रहेगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)