भारत के नक्शे से नॉर्थईस्ट गायब, CWG पदक विजेता बॉक्सर लवलीना ने लगाई लताड़

Published on 2 अग॰ 2026

Aug 02, 2026 05:22 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, ग्लास्गो

Follow us on Google News

share

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों ने पदकों की बारिश कर दी। लेकिन जब यह पदक विजेता इसका जश्न मनाने पहुंचे तो उन्हें खासी निराशा का सामना करना पड़ा।एक रेस्टोरेंट में नैपकिन से नॉर्थईस्ट का नक्शा गायब दिखा…

Lovlina Borgohain

लवलीना ने ग्लास्गो के रेस्टोरेंट में भारत के गलत नक्शे पर जताया दुख।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों ने पदकों की बारिश कर दी। लेकिन जब यह पदक विजेता इसका जश्न मनाने पहुंचे तो उन्हें खासी निराशा का सामना करना पड़ा। असल में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय खिलाड़ियों का मिस्टर सिंह्स इंडिया- द होम ऑफ करी’ में स्वागत किया गया। इस दौरान ओलंपिक पदक विजता और कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली महिला बॉक्सर लवलीना का ध्यान नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे पर गया। उन्होंने देखा कि भारत के नक्शे से नॉर्थईस्ट गायब है। लवलीना ने कहाकि उन्हें यह देखकर बेहद निराशा हुई। इसको लेकर उन्होंने लताड़ भी लगाई है। इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट से अनुरोध किया कि भारत के नक्शे पर देश के हर हिस्से को सही ढंग से दिखाया जाए।

नैपकिन और रेस्टोरेंट पर गलत नक्शा

असम की रहने वाली लवलीना बोरगोहेन ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीता है। लवलीना को महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। रेस्टोरेंट की घटना को लेकर लवलीना ने कहाकि उन्हें अपने देश का गलत नक्शा देखकर खासी निराशा हुई। लवलीना के मुताबिक नैपकिन और रेस्टोरेंट के बाहर, दोनों जगह के नक्शे से उत्तर-पूर्वी भारत गायब था। यह देखकर लवलीना भड़क गईं और लताड़ लगाते हुए कहाकि गलत रास्ता नहीं अपनाया जाना चाहिए। मुझे यह देखकर काफी दुख हुआ। केवल नैपकिन ही नहीं, रेस्टोरेंट के बाहर भी देश के नक्शे से नॉर्थ ईस्ट गायब था। उन्होंने कहाकि नॉर्थ ईस्ट से होने के चलते यह सब देखकर काफी निराशा होती है। उन्होंने कहाकि आगे से इस चीज का पूरी तरह से ध्यान रखा जाना चाहिए।

क्या बोला भारतीय मुक्केबाजी महासंघ

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने इस बारे में पूछे जाने पर रविवार को कहाकि हम वहां रात्रिभोज के लिए गए थे और हमें वहां यह गलती दिखी। मैंने और लवलीना ने इसकी जानकारी रेस्टोरेंट मैनेजमेंट को दी। उन्होंने इसके लिए हमसे माफी मांगी और कहाकि वे सही नक्शे वाले नए नैपकिन मंगवा रहे हैं। इस बारे में रेस्टोरेंट को बताना हमारा फर्ज था और हमने वही किया। यह मामला उस समय सामने आया, जब कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय दल के सदस्यों का स्वागत ‘मिस्टर सिंह्स इंडिया –द होम ऑफ करी’ रेस्टोरेंट में किया गया। यहां खिलाड़ियों को जिन कागज के नैपकिनों के साथ भोजन परोसा गया, उन पर भारत का गलत नक्शा छपा हुआ था।

असम को समर्पित किया पदक

बता दें कि लवलीना ने अपना पदक असम के लोगों को समर्पित किया है। लवलीना ने रविवार को ऑनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कहाकि इस समय असम की जो स्थिति है, वह मेरे लिए काफी दुखद है। असम के लोगों को इस स्थिति में देखकर मुझे बहुत बुरा लग रहा है। बाढ़ खत्म होने के बाद भी लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। असम में बाढ़ से सात जिलों में लगभग 1.78 लाख लोग प्रभावित है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में बाढ़ से किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है जिससे मृतकों की संख्या 82 बनी हुई है। लवलीना ने कहाकि मैं यहां खेलों में भाग लेने के कारण मुश्किल में फंसे अपने लोगों के साथ नहीं थी। ऐसे में मैं यह पदक बाढ़ से प्रभावित लोगों को समर्पित करती हूं।