Published: Sunday, October 4, 2026, 18:38 [IST]
CUET UG की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अगले साल परीक्षा के पैटर्न में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और UGC के स्तर पर परीक्षा को कम समय में पूरा कराने और छात्रों को बार-बार परीक्षा केंद्र जाने से बचाने के लिए नई व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक एक छात्र के सभी चुने हुए विषयों की परीक्षा एक ही दिन में कराई जा सकती है।
हर विषय के लिए मिलने वाला समय 60 मिनट से घटाकर करीब 40 से 45 मिनट और सवालों की संख्या 50 से घटाकर लगभग 35 से 40 की जा सकती है। इसके अलावा अधिकतम पांच विषय चुनने की सीमा को चार करने की संभावना की भी समीक्षा हो रही है। हालांकि इनमें से कोई बदलाव अभी अंतिम नहीं है और आधिकारिक गाइडलाइंस जारी होना बाकी है।
क्या-क्या बदल सकता है?
CUET UG के लिए मुख्य रूप से चार बदलावों पर विचार किया जा रहा है। पहला, एक छात्र के सभी पेपर एक ही दिन में पूरे कराना। दूसरा, हर विषय के पेपर का समय कम करना। तीसरा, पेपर में सवालों की संख्या घटाना और चौथा, छात्र कितने अधिकतम विषय चुन सकता है, इसकी सीमा की समीक्षा करना। इन बदलावों का मकसद परीक्षा को कम समय में पूरा करने के साथ छात्रों की यात्रा और दूसरी परेशानियां कम करना बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: NEET UG राउंड-3 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी, जानें MBBS और BDS की कैटेगरी वाइज कटऑफ
एक दिन में सभी पेपर
मौजूदा व्यवस्था में चुने गए विषयों के आधार पर छात्र को अलग-अलग तारीखों पर परीक्षा देनी पड़ सकती है। पांच विषय लेने वाले कुछ छात्रों को दो या तीन बार परीक्षा केंद्र जाना पड़ता है। प्रस्तावित व्यवस्था में हर छात्र के सभी विषयों के पेपर एक ही दिन में कराने की योजना है। पूरी CUET परीक्षा करीब 12 से 15 दिनों तक चल सकती है, लेकिन किसी एक छात्र को इस अवधि के दौरान सिर्फ एक दिन परीक्षा केंद्र जाना पड़ेगा।
60 मिनट की जगह 40-45 मिनट
दूसरा प्रस्ताव पेपर की अवधि घटाने का है। अभी प्रत्येक विषय के लिए 60 मिनट का समय मिलता है। इसे करीब 40 से 45 मिनट किया जा सकता है। समय घटने के साथ सवालों की संख्या भी कम करने पर विचार है। अभी एक विषय में 50 सवाल होते हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में करीब 35 से 40 सवाल दिए जा सकते हैं।
यानी अगर बदलाव लागू हुआ तो छात्रों को 50 सवाल वाले 60 मिनट के पेपर के बजाय कम सवालों वाला करीब 40-45 मिनट का पेपर मिल सकता है।
पांच से चार हो सकते हैं विषय
फिलहाल CUET UG में अधिकतम पांच विषय चुने जा सकते हैं। अब इस सीमा को चार करने की संभावना की समीक्षा की जा रही है। अभी यह तय नहीं हुआ है कि पांच विषयों का विकल्प जारी रहेगा या इसे घटाया जाएगा। अगर पांच विषय और प्रत्येक पेपर 40 मिनट का रहता है तो छात्र की पूरी परीक्षा करीब 200 मिनट यानी 3 घंटे 20 मिनट में खत्म हो सकती है।
वहीं अधिकतम चार विषय किए जाते हैं तो 40 मिनट प्रति पेपर के हिसाब से परीक्षा करीब 160 मिनट यानी 2 घंटे 40 मिनट में पूरी हो सकती है।
मौजूदा और प्रस्तावित पैटर्न में अंतर
अभी प्रत्येक विषय के लिए 60 मिनट और 50 सवालों की व्यवस्था है तथा छात्र अधिकतम पांच विषय चुन सकता है। पेपर अलग-अलग दिन भी हो सकते हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में 40 से 45 मिनट का पेपर, करीब 35 से 40 सवाल और एक ही दिन में छात्र के सभी विषयों की परीक्षा कराने पर विचार है। अधिकतम विषयों की संख्या चार करने का विकल्प भी समीक्षा में है।
CUET PG में भी हो सकता है बदलाव
CUET PG के कुछ पाठ्यक्रमों के लिए भी बदलाव पर विचार किया जा रहा है। जिन विषयों में उपलब्ध सीटों की तुलना में आवेदन बहुत कम आते हैं, वहां प्रवेश परीक्षा नहीं कराने का विकल्प देखा जा रहा है। ऐसे पाठ्यक्रमों में परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर एडमिशन दिया जा सकता है। पिछले वर्षों में कई विषयों में अपेक्षाकृत कम आवेदन मिले हैं।
छात्रों के लिए जरूरी है कि अभी 40 मिनट के पेपर, 35-40 सवाल या चार विषयों की सीमा को नया नियम न मानें। ये सभी प्रस्तावित बदलाव हैं। अंतिम परीक्षा पैटर्न NTA और UGC की आधिकारिक घोषणा के बाद ही तय माना जाएगा।
ये भी पढ़ें: DU के 2025-26 बैच को बड़ी राहत! प्रमोशन के लिए नहीं चाहिए होंगे 28 क्रेडिट, क्या है नया नियम?