कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आरक्षक की बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने संज्ञान में लिया है। आयोग घटना की जांच करेगा। आयोग ने मामले में छत्तीसगढ़ के सीएस, डीजीपी और कोरिया जिले के कलेक्टर व एसपी से 3 द
.
बैकुंठपुर के आईसी मार्ट के संचालकों ने छात्रा पर कॉस्मेटिक सामान की चोरी करने का आरोप लगाकर स्कूटी जब्त कर ली थी और स्कूटी छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए की डिमांड की थी। चोरी का नोट भी लिखवा लिया था, जिससे परेशान होकर पूजा सिंह (17) ने सुसाइड नोट लिखकर फांसी लगा ली।
सुसाइड नोट में पूजा सिंह ने लिखा कि, मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है। पुलिस ने आईसी मार्ट के फरार संचालक तीन भाइयों पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

अनुसूचित जनजाति आयोग करेगा जांच
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने नाबालिग छात्रा द्वारा आत्महत्या मामले की जांच का निश्चय किया है। आयोग ने दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर और अजजा नेता डॉ नंदकुमार साय के पत्र को संज्ञान में लेते हुए तीन दिनों में कार्रवाई की जानकारी मांगी है।
अजजा आयोग के सहायक निदेशक पीके दास ने जारी नोटिस में कहा है कि नियत अवधि में आपका उत्तर प्राप्त नहीं होता है तो आयोग संविधान में प्रदत्त सिविल न्यायालय की शक्तियों का उपयोग कर सकता है।

फरार संचालक भाइयों पर इनाम घोषित
संचालकों पर इनाम घोषित, अब तक फरार
मामले को लेकर पुलिस परिवार द्वारा थाने का घेराव और नेशनल हाईवे में चक्काजाम किया था। पुलिस ने मार्ट संचालक तीन भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 107, 308(2), 309(4) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(अ) के तहत अपराध दर्ज किया।
कोरिया एसपी रवि कुर्रे ने मार्ट संचालक भाइयों विनोद बैद (50 वर्ष), जगत कुमार (55 वर्ष) और दीपक बैद (30 वर्ष) को भगोड़ा घोषित किया है। एसपी ने तीनों भाइयों की सूचना देने पर पांच हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
देखिए तस्वीरें…

परिजन और पुलिस परिवार ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन।

बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने परिजनों से की मुलाकात।
अब जानिए क्या है पूरा मामला ?
पुलिस लाइन बैकुंठपुर में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी पूजा सिंह (17) आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार (7 जुलाई) को वो अपनी छोटी बहन के साथ सामान खरीदने के लिए बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित आईसी मार्ट (सुपर मार्केट) गई थी।
आईसी मार्ट संचालक ने छात्रा पर करीब 1500 रुपए के कॉस्मेटिक सामान पैसे दिए बिना रखने का आरोप लगाया। हालांकि, छात्रा और उसकी बहन सामान लेकर दुकान से बाहर नहीं निकली थीं। छात्रा और उसकी बहन के साथ मार्ट संचालक ने अभद्रता भी की थी।
आरोप है कि दुकान संचालक ने छात्रा को डांटा और उससे एक कागज पर सामानों की लिस्ट बनाई और उसमें लिखवाया कि, मैं पूजा और मेरी बहन छाया आईसी मार्ट से चोरी किए हैं। संचालक ने दोनों का हस्ताक्षर कराया। मार्ट संचालक ने उनकी स्कूटी अपने पास रख ली।
छात्रा की जानकारी पर उसके मामा एसआई अलंगो दास मार्ट पहुंचे तो संचालक ने 20 हजार रुपये स्कूटी छोड़ने के लिए मांगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद बुधवार (8 जुलाई) सुबह छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा आईसी मार्ट पहुंचे तो संचालक ने उससे 50 हजार मांगे।
बुधवार दोपहर पूजा सिंह की मां रितु मायके से बस स्टैंड पहुंची थी, जिसे लेने शिवनाथ पैकरा बस स्टैंड पहुंचे थे। इस बीच पूजा सिंह ने घर में फांसी लगा ली थी।

सर्व आदिवासी समाज ने सौंपा ज्ञापन
आदिवासी समाज ने की कार्रवाई की मांग
सर्व आदिवासी समाज ने शुक्रवार को पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कोरिया कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही 24 घंटे के भीतर उनकी गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।