CoE सिर्फ रिहैब सेंटर नहीं... खिलाड़ियों की चोटों के विवाद पर VVS लक्ष्मण का करारा जवाब

Published on 9 अग॰ 2026

CoE सिर्फ रिहैब सेंटर नहीं... खिलाड़ियों की चोटों के विवाद पर VVS लक्ष्मण का करारा जवाब

VVS लक्ष्मण ने CoE का किया बचाव. (फोटो- PTI)

VVS Laxman on BCCI Centre of Excellence: भारतीय क्रिकेट में बढ़ते इंजरी संकट के बीच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इस पर अब CoE हेड वीवीएस लक्ष्मण ने करारा जवाब दिया है. हाल के दिनों में कई अहम खिलाड़ियों के चोटिल होने, उनके रिहैबिलिटेशन की समय-सीमा और स्पोर्ट्स साइंस टीम को लेकर उठ रहे सवालों के बाद लक्ष्मण ने इस संस्थान की भूमिका को साफ किया है.

VVS लक्ष्मण ने CoE का किया बचाव

बेंगलुरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि CoE को सिर्फ खिलाड़ियों के इलाज या रिहैब की जगह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. लक्ष्मण ने कहा, ‘CoE सिर्फ एक रिहैब सेंटर नहीं है. खिलाड़ियों को खेल में एक्सीलेंस हासिल करने में मदद करने के लिए इसकी भूमिका बहुत बड़ी है. खेल में चोटें किसी भी खिलाड़ी के करियर का एक हिस्सा होती हैं और यही वजह है कि खिलाड़ियों पर नजर रखने वाली मॉनिटरिंग सिस्टम अहम है. हम किसी पर आरोप लगाने के लिए ब्लेम जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते, क्योंकि ऐसा करने से हम सिर्फ बलि का बकरा ढूंढ रहे होंगे.’

BCCI सचिव का दौरा और स्पोर्ट्स साइंस टीम की चुनौती

खिलाड़ियों के चोटिल होने की बढ़ती लिस्ट को देखते हुए बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा कर लक्ष्मण के साथ बैठक की है. वो भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल रहे. मौजूदा समय में CoE की स्पोर्ट्स साइंस टीम पर काम का दबाव काफी बढ़ गया है. नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से बीसीसीआई में स्पोर्ट्स साइंस के स्थायी प्रमुख का पद खाली है और फिलहाल धनंजय कौशिक बेंगलुरु सेंटर में इस विभाग की देखरेख कर रहे हैं.

रिहैब में टीम इंडिया के कई बड़े नाम

ये सब सवाल इस लिए उठ रहे हैं क्योंकि 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम में खिलाड़ियों की चोटें बड़ी चिंता का कारण बनी हुई हैं. जसप्रीत बुमराह, साई सुदर्शन, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर जैसे बड़े खिलाड़ी फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं. वहीं, तेज गेंदबाज आकाश दीप भी पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण लंबे समय से बाहर हैं.

इनमें सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाज हर्षित राणा की स्थिति को लेकर है, जो करीब चार महीने बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे थे, लेकिन मैदान पर लौटते ही दो हफ्ते के अंदर दोबारा हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए. इनके अलावा हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी भी CoE में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button