CM Yogi Meets Vinod Tawde: यूपी चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने की सीएम योगी से मुलाकात, 2027 चुनाव पर मंथन - Haribhoomi

Published on 6 सित॰ 2026

उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार व संगठनात्मक भेंट की। इस उच्चस्तरीय बैठक में यूपी के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल भी मौजूद रहे, जहां आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की मजबूती पर गहन चर्चा की गई।

UP election in-charge Vinod Tawde met CM Yogi (file photo)

सीएम योगी से मिले यूपी चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े (file photo)

  • Published: 06 Sep 2026, 03:32 PM IST
  • Last Updated: 06 Sep 2026, 03:32 PM IST

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने अपने दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व यूपी के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल भी मौजूद रहे। यूपी प्रभारी की कमान संभालने के बाद तावड़े की मुख्यमंत्री के साथ यह पहली औपचारिक व रणनीतिक बैठक है, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।  

​सीएम योगी के चेहरे पर लड़ा जाएगा चुनाव

विनोद तावड़े ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे और उनके विकास कार्यों के बलबूते लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है, जिसके आधार पर एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगा।  

आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर @BJP4India के मा. राष्ट्रीय महामंत्री, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी श्री @TawdeVinod जी व मा. राष्ट्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह-प्रभारी श्री @IJAGDISHPATEL जी से शिष्टाचार भेंट हुई। pic.twitter.com/xXlY53SKRS

— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 6, 2026

बिना तामझाम पहुंचे थे पार्टी मुख्यालय, सादगी का दिया संदेश

शनिवार को लखनऊ पहुंचे विनोद तावड़े बिना किसी तामझाम और वीआईपी काफिले के पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे। उन्होंने पहले ही पदाधिकारियों को निर्देशित कर दिया था कि उनके स्वागत में शहर में बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स न लगाई जाएं और न ही अनावश्यक सड़कें रोकी जाएं। पार्टी दफ्तर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय और कार्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला सहित वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।  

​महामंत्रियों से लिया फीडबैक, दोनों डिप्टी सीएम से भी मिले

दौरे के पहले दिन तावड़े ने प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में आठ में से सात महामंत्रियों ने भाग लिया और चुनावी मुद्दों तथा विपक्ष की रणनीति को लेकर अपना फीडबैक साझा किया। इसके अलावा तावड़े ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से भी अलग-अलग मुलाकात कर प्रदेश सरकार के कामकाज और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति पर चर्चा की।  

​सपा के पीडीए पर साधा निशाना 'पराया धन अपना'

मीडिया से बातचीत के दौरान विनोद तावड़े ने समाजवादी पार्टी के 'पीडीए' PDA नारे पर तीखा सियासी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा के पीडीए का वास्तविक अर्थ 'पराया धन अपना' है। उन्होंने कहा कि पिछली सपा सरकार में जमीनों पर कब्जे और कानून-व्यवस्था की बदहाली से जनता वाकिफ है, और उत्तर प्रदेश की जनता अब विपक्ष के ऐसे झांसों में आने वाली नहीं है।