CM विजय का AI डीपफेक बनाया, गरीबों की मदद के नाम पर ठगी... राजस्थान के अलवर से आरोपी गिरफ्तार

Published on 16 सित॰ 2026

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का AI से बनाया गया डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाकर लोगों से ठगी करने के मामले में राजस्थान के अलवर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. तमिलनाडु क्राइम ब्रांच-CID की साइबर क्राइम टीम ने राजस्थान पुलिस की मदद से लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से शयाबू खान को पकड़ा. आरोपी पर मुख्यमंत्री की आवाज और चेहरे की नकल वाला हिंदी वीडियो बनाकर आर्थिक मदद के नाम पर लोगों को फंसाने का आरोप है.

मामला तब सामने आया जब तमिलनाडु पुलिस की साइबर टीम ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो की पहचान की. वीडियो में AI की मदद से मुख्यमंत्री विजय को हिंदी में लोगों से आर्थिक सहायता देने की अपील करते हुए दिखाया गया था. लोगों को मदद के लिए एक मोबाइल या WhatsApp नंबर पर संपर्क करने को कहा जाता था. इसके बाद क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर डिजिटल सुरागों की जांच शुरू की.

यह भी पढ़ें: जयपुर से फाईज-सुमन, अलवर से नेहा... राजस्थान निकाय चुनाव में Gen Z ने दिखाया दम

सम्बंधित ख़बरें

जांच के दौरान ठगी में इस्तेमाल नंबर और डिजिटल गतिविधियों की कड़ियां राजस्थान तक पहुंचीं. तमिलनाडु से एक पुलिस अधिकारी 11 सितंबर को अलवर पहुंचा और स्थानीय पुलिस की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई. पड़ताल में लक्ष्मणगढ़ के बुटोली गांव निवासी शयाबू खान तक पुलिस पहुंची. उसके मोबाइल फोन समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई, जहां कथित तौर पर डीपफेक वीडियो और ठगी से जुड़े सबूत मिले.

मुख्यमंत्री की AI वाली तस्वीर, गरीबों की मदद के नाम पर जाल

अलवर पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल में कई अन्य नेताओं के भी कथित डीपफेक वीडियो मिले हैं. पुलिस को आशंका है कि इसी तरह के वीडियो पहले मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों और पुलिस अधिकारियों की पहचान का इस्तेमाल करके भी बनाए गए. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का वीडियो हिंदी में तैयार किया गया था, जिसमें गरीब बच्चों की मदद के लिए चंदा देने की अपील जैसी बात दिखाई गई.

पुलिस के अनुसार इन वीडियो को सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाता था और फिर आर्थिक सहायता के नाम पर उनसे संपर्क कराया जाता था. जांच में मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों में भी लोगों के ठगे जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और आरोपी अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है.

अलवर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसका मोबाइल और अन्य सबूत तमिलनाडु पुलिस को सौंप दिए. रिपोर्टों के मुताबिक उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कंप्यूटर प्रोसेसर भी जब्त किए गए हैं. आरोपी को तमिलनाडु ले जाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है. पुलिस अब कथित ठगी की रकम, पीड़ितों की संख्या और नेटवर्क की पूरी कार्यप्रणाली का पता लगा रही है.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

Live TV